उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 MLC सीटों पर मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। सभी सीटों के रुझान शाम तक आने की उम्मीद है। इस बीच, गोरखपुर में बिना सील की मतपेटी मिलने पर प्रत्याशियों ने हंगामा किया। पटना के बांकीपुर गर्ल्स स्कूल स्थित काउंटिंग सेंटर पर एक शख्स के फाइल लेकर अंदर जाने के दौरान ‘वोट चोर’ के नारे लगे। पटना में जदयू के नीरज कुमार और जनसुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबले पर नजर है। मोकामा विधायक अनंत सिंह जनसुराज प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं। उनके आवास पर नतीजों से पहले एक लाख गुलाब जामुन बनाए गए हैं। जनसुराज प्रत्याशी के समर्थन के चलते जदयू ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। चारों राज्यों में 23 अक्टूबर को MLC चुनाव के लिए मतदान हुआ था। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर 55.24% वोट पड़े। बिहार की 8 सीटों में चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 43.87% और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 74.55% मतदान हुआ। महाराष्ट्र की 5 सीटों पर कुल 72.96% वोटिंग दर्ज की गई। कर्नाटक की चार सीटों में दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 73.58%, पश्चिम स्नातक में 75.62%, उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 86.97% और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 81.98% मतदान हुआ।
चार राज्यों की 28 MLC सीटों पर काउंटिंग जारी:गोरखपुर में बिना सील मतपेटी पर हंगामा, पटना में वोट चोर के नारे; शाम तक आएंगे रुझान
