सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सभी ट्रिब्यूनल अध्यक्षों, प्रेसिडेंटों और सदस्यों का कार्यकाल 8 सितंबर तक बढ़ा दिया। यह फैसला ट्रिब्यूनल के कामकाज को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए लिया गया है। CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने एक लंबित मामले की सुनवाई के दौरान यह आदेश पारित किया। इस मामले का जिक्र नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सदस्य के संदर्भ में किया गया था, जिनका कार्यकाल जून में खत्म होने वाला है। उनका कार्यकाल भी 8 सितंबर तक बढ़ा दिया गया। सुनवाई के दौरान, केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने केंद्र सरकार की तरफ से इस विस्तार पर सहमति जताई। बेंच ने यह भी कहा कि चयन समिति की बैठक 8 सितंबर को होनी तय है, जिसमें नियुक्तियों और कार्यकाल विस्तार पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आज की अन्य बड़ी खबरें… बंगाल-हावड़ा रेलवे स्टेशन पर मिथिला एक्सप्रेस के कोच में आग लगी पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हावड़ा स्टेशन पर मंगलवार को 13021 हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस के एक कोच में आग लग गई। रेलवे के मुताबिक ट्रेन को दोपहर 2:59 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर लाया गया था। करीब 3:45 बजे यात्रियों ने सूचना दी कि ट्रेन के पिछले हिस्से के तीसरे कोच (एलएस कोच नंबर ER 247929) के बाथरूम से धुआं और आग निकल रही है। सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचा। कर्मचारियों ने दो फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से करीब 7 मिनट में, यानी 3:52 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। हैदराबाद में इंजीनियरिंग स्टूडेंट पर क्लासमेट से रेप का आरोप, गिरफ्तार हैदराबाद के इब्राहिमपट्टनम इलाके में एक इंजीनियरिंग स्टूडेंट को क्लासमेट के साथ रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि 14 मई की रात उसने अपनी 20 साल की क्लासमेट को जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म किया था। पीड़िता की शिकायत पर 15 मई को मामला दर्ज किया गया और आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली हाईकोर्ट का केजरीवाल, सिसोदिया समेत AAP नेताओं को नोटिस, जस्टिस स्वर्ण कांता के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट से जुड़ा मामला दिल्ली हाईकोर्ट ने जज के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट करने से जुड़े अवमानना मामले में केजरीवाल, सिसोदिया और AAP के अन्य नेताओं को नोटिस जारी किया है। हाईकोर्ट ने केजरीवाल, सिसोदिया और AAP के अन्य नेताओं को अपना जवाब दाखिल करने के लिए 4 हफ्ते का समय दिया है। अगली सुनवाई 4 अगस्त को होगी। पाकिस्तान-अफगानिस्तान-बांग्लादेश से आने वालों के लिए बदले नागरिकता नियम, भारतीय नागरिकता मिलने के 15 दिन के अंदर जमा करना होगा पासपोर्ट गृह मंत्रालय ने नागरिकता नियम 2009 में बदलाव करते हुए नया नियम लागू किया है। इसके तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने वाले लोगों को अब अपने पासपोर्ट की जानकारी देना जरूरी होगा। नए नियम के मुताबिक, आवेदक को बताना होगा कि उसके पास इन देशों का वैध या एक्सपायर पासपोर्ट है या नहीं। अगर पासपोर्ट है, तो उसका नंबर, जारी होने की तारीख, जगह और एक्सपायरी डेट बतानी होगी। साथ ही, ऐसे लोगों को यह लिखित वादा भी करना होगा कि नागरिकता मंजूर होने के 15 दिन के भीतर वे अपना पुराना पासपोर्ट संबंधित अधिकारियों के पास जमा कर देंगे। उत्तराखंड के पूर्व CM बीसी खंडूरी का निधन:91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, लंबे समय से थे अस्वस्थ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूरी का सोमवार को निधन हो गया है। वह 91 वर्ष के थे। वे लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और देहरादून के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बीसी खंडूरी भारतीय सेना में मेजर जनरल रह चुके थे और उत्तराखंड की राजनीति में साफ-सुथरी छवि वाले नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। पत्नी के घर के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत, लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक युवक ने पत्नी के घर के बाहर खुद को आग लगा ली। उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपांश चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दीपांश और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद दीपांश ने पत्नी के घर के बाहर खुद को आग लगा ली। फिलहाल मामले की जांच जारी है । मणिपुर में अलग-अलग जगहों से 6 उग्रवादी गिरफ्तार, इनमें PLA के 3 सदस्य शामिल मणिपुर में पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से 6 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, तीन सदस्य पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के हैं, जिन्हें सोमवार को तेंगनौपाल जिले के बॉर्डर टाउन मोरेह से पकड़ा गया। इसी कार्रवाई में एक अन्य उग्रवादी को रविवार को थोउबल जिले के यैरिपोक बाजार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह व्यक्ति UNLF (Koireng) का सक्रिय सदस्य है और हथियारों की तस्करी में शामिल था। उसके पास से 9 एमएम की एक मैगजीन भी बरामद हुई है। वहीं, इम्फाल वेस्ट जिले के लम्फेल थाना क्षेत्र से कांगलेई यावोल कन्ना लुप (KYKL) के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां अलग-अलग ऑपरेशन के तहत की गईं। रणदीप सुरजेवाला को CBI का समन, CM हिमंता की पत्नी के पासपोर्ट विवाद का मामला असम पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच ने कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को CM हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पासपोर्ट विवाद के सिलसिले में 23 मई को पेश होने के लिए समन भेजा है। ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 कोच पटरी से उतरे; ट्रेन खाली थी, कोई हताहत नहीं उत्तराखंड के ऋषिकेश में योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 कोच पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त ट्रेन खाली थी, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन स्टेशन से कुछ दूरी पर डिरेल हुई। घटना के बाद रेलवे और संबंधित टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। कश्मीर के बारामूला में गोदाम में आग लगी; फायर ब्रिगेड, पुलिस और सेना बुझाने में जुटे जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के कनली बाग इलाके में स्थित BK ट्रेडर्स के गोदाम में सोमवार रात को आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, पुलिस, सेना के जवान और स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। फिलहाल आग लगने के कारण और नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। स्क्वाड्रन लीडर सान्या IAF की पहली महिला कैट-ए फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर बनीं स्क्वाड्रन लीडर सान्या भारतीय वायुसेना की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिन्होंने प्रतिष्ठित कैट-ए क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (QFI) रेटिंग हासिल की है। भारतीय वायुसेना ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। वायुसेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सान्या की यह उपलब्धि समर्पण, कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का नतीजा है। इसे वायुसेना के लिए एक अहम उपलब्धि बताया गया है। कैट-ए भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स की सबसे प्रतिष्ठित और उच्च श्रेणी मानी जाती है। यह रेटिंग सिर्फ बेहद अनुभवी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षकों को दी जाती है। सान्या की उपलब्धि को महिला अधिकारियों और युवा एविएटर्स के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। RG कर के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष पर ED केस चलाएगी, बंगाल सरकार ने अभियोजन की मंजूरी दी पश्चिम बंगाल सरकार ने RG कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) को अभियोजन की मंजूरी दे दी है। अब एजेंसी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा सकेगी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि 9 अगस्त 2024 को RG कर मेडिकल कॉलेज में हुई ट्रेनी डॉक्टर ‘अभया’ के रेप और हत्या मामले से जुड़े घटनाक्रम में कानूनी प्रक्रिया के तहत यह मंजूरी दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने लंबे समय तक इस मामले की जांच को जबरन और अनैतिक तरीके से रोके रखा। सुवेंदु ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। देश के 18 शहरों में वॉटर मेट्रो चलाने की तैयारी, यूपी के 3 शहर शामिल केंद्र सरकार शहरी यातायात के लिए वॉटर मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए राष्ट्रीय जल मेट्रो नीति 2026 का मसौदा तैयार किया गया है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि देश के 18 शहरों में यह सेवा शुरू करने की योजना है। पहले चरण में उत्तर प्रदेश के वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज के अलावा पटना, श्रीनगर और गुवाहाटी को शामिल किया गया है। दूसरे चरण में असम के तेजपुर और डिब्रूगढ़ को रखा गया है। यह सेवा कोच्चि वॉटर मेट्रो की तर्ज पर चलेगी। नीति के मसौदे के मुताबिक, वॉटर मेट्रो को उन शहरों में प्राथमिकता दी जाएगी, जहां 10 लाख से ज्यादा आबादी हो और बारहमासी जलमार्ग उपलब्ध हों। इसका मकसद सड़क यातायात का दबाव कम करना और शहरी परिवहन के लिए नया विकल्प देना है।
Related Posts
राहुल बोले- मेरी और PM की पत्नी नहीं:दादी के किस्से सुनाए, भाजपा सांसद बोले- मैं पत्नी के पैर छूता हूं; संसद के टॉप-8 मोमेंट्स
संसद के विशेष सत्र में शुक्रवार को महिला आरक्षण बिल से जुड़े संशोधन बिल पर…
AAP छोड़ते ही राघव चड्ढा के 14 लाख इंस्टाग्राम-फॉलोअर्स घटे:संजय सिंह बोले- 7 राज्यसभा सांसदों को अयोग्य ठहराने के लिए सभापति को चिट्ठी लिखेंगे
आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा जॉइन करने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के इंस्टाग्राम…
5 राज्यों में चुनावी नतीजे, 18 मोमेंट्स:बंगाल BJP ऑफिस पर मछली-चावल का भोज, TMC नेता के कपड़े फाड़े; चेन्नई में विजय के परिवार ने डांस किया
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है। बंगाल…
