17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान:मोदी के जन्मदिवस पर 13,820 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन-शिलान्यास

प्रदेश भाजपा दिल्ली सरकार के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान-जनसेवा ही प्रभु सेवा चलाएगी। अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। साथ ही दिल्ली में 13,820 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास होगा। यह जानकारी सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया प्रभारी प्रवीण शंकर कपूर के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में दी। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में विकास की जो नींव रखी थी, वही आज विकसित भारत-2047 के संकल्प में बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास को जीवन मंत्र बनाया है। जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान और पीएम आवास जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित वर्ग को सशक्त किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मोदी की 25 वर्ष की जनसेवा यात्रा सभी के लिए गर्व का विषय है। इसी भावना के तहत दिल्ली सरकार ने प्रत्येक विभाग को जनसेवा से जुड़े विशेष कार्यक्रम और परियोजनाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग मेगा रक्तदान शिविर लगाएगा। इसमें एक दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे, जिनमें करीब 25 हजार बुजुर्गों की जांच होगी। 70 विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे शिविर
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों में तीन-तीन दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और सेवाएं लोगों को उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के लिए मंत्री कपिल मिश्रा को नोडल मंत्री बनाया गया है, जबकि प्रवेश साहिब सिंह और आशीष सूद अपने विभागों से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *