महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में 465 किसानों ने आत्महत्या की है। संभागीय आयुक्त कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से जून के बीच सबसे अधिक 109 मामले छत्रपति संभाजीनगर जिले में दर्ज हुए, जबकि सबसे कम 26 मामले लातूर जिले में सामने आए। रिपोर्ट बुधवार को जारी की गई। संभागीय आयुक्त कार्यालय, छत्रपति संभाजीनगर की रिपोर्ट के अनुसार, मराठवाड़ा के आठ जिलों में किसानों की आत्महत्या के मामलों का यह आंकड़ा प्रशासन के रिकॉर्ड पर आधारित है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस वर्ष के पहले छह महीनों में कुल 465 किसान आत्महत्या के मामले दर्ज किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, छत्रपति संभाजीनगर में सबसे अधिक 109 किसानों ने आत्महत्या की, जबकि लातूर में सबसे कम 26 मामले दर्ज हुए। अन्य जिलों के आंकड़े रिपोर्ट में नहीं बताए गए हैं। रिपोर्ट में पिछले वर्ष के आंकड़ों का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, 2025 में मराठवाड़ा क्षेत्र में प्रशासन के पास किसानों की आत्महत्या के 1,131 मामले दर्ज हुए थे। आज की बाकी बड़ी खबरें… महाराष्ट्र के लातूर में स्कूल बस पलटने से 22 छात्र घायल; एक की हालत गंभीर महाराष्ट्र के लातूर जिले में बुधवार सुबह एक निजी स्कूल बस सड़क किनारे बने छोटे नाले में पलट गई। हादसे में 22 छात्र घायल हो गए, जिनमें एक छात्र की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, बस में करीब 35 छात्र सवार थे और यह उन्हें स्कूल लेकर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब 9:30 बजे चाकूर तहसील के सांडोल-महांडोल रोड पर हुआ। पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर विद्यालय, राचन्नावाड़ी की बस स्कूल जा रही थी। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क से उतरकर नाले में पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल चाकूर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। दक्षिण दिल्ली के संगम विहार की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में बुधवार को एक फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने मौके पर 10 दमकल गाड़ियां भेजीं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग बुझाने का काम जारी है। DFS के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सुबह 11:52 बजे संगम विहार के होली चौक के पास फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद दमकल की 10 गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। TMC के बैंक खाते फ्रीज पर सुनवाई टली, कलकत्ता हाईकोर्ट ने गुरुवार तक मामला स्थगित किया कलकत्ता हाईकोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बैंक खातों पर डेबिट फ्रीज के मामले की सुनवाई गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी है। अदालत ने निजी बैंक की ओर से जमा की गई रिपोर्ट नहीं खोली। यह रिपोर्ट अदालत के निर्देश पर तीन बैंक खातों में मौजूद राशि की जानकारी देने के लिए दाखिल की गई थी। सुनवाई सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की व्यक्तिगत असुविधा जताने के बाद टाली गई। यह मामला ममता बनर्जी गुट की उस याचिका से जुड़ा है, जिसमें पार्टी के तीन बैंक खातों पर लगाए गए डेबिट फ्रीज को चुनौती दी गई है। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने 2 जुलाई को निजी बैंक को निर्देश दिया था कि वह इन खातों में मौजूद कुल राशि (कॉर्पस) की जानकारी अदालत को सौंपे। बैंक ने बुधवार को रिपोर्ट दाखिल कर दी, लेकिन सुनवाई स्थगित होने के कारण अदालत ने उसे नहीं खोला। नीट पेपर लीक मामले के दो आरोपियों की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ी दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले के आरोपी पी.वी. कुलकर्णी और शिवराज मोटेगांवकर की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ा दी। CBI के मुताबिक, लातूर के रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी इस मामले के मास्टरमाइंड हैं। एजेंसी का दावा है कि वे कई सालों तक NEET के प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा रहे और NTA की प्रक्रिया का गलत इस्तेमाल कर पुणे की स्पेशल कोचिंग क्लासों के जरिए पेपर लीक कराया। वहीं, लातूर के RCC कोचिंग संचालक शिवराज मोटेगांवकर पर आरोप है कि उन्हें परीक्षा से करीब 10 दिन पहले ही प्रश्नपत्र और उसके उत्तर मिल गए थे। CBI इस मामले में NTA पैनल के सदस्यों, कुलकर्णी और मनीषा मंडारे की भूमिका की भी जांच कर रही है।
अमरनाथ यात्रा के लिए एक दिन में रिकॉर्ड 9,837 श्रद्धालु रवाना, 361 गाड़ियों के काफिले में निकले अमरनाथ यात्रा के लिए बुधवार को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रिकॉर्ड 9,837 श्रद्धालु रवाना हुए। यह इस साल अब तक का सबसे बड़ा एक दिन का जत्था है। श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा के बीच 361 वाहनों के काफिले में पहलगाम और बालटाल बेस कैंप के लिए निकले। अधिकारियों के मुताबिक, 188 वाहनों में सवार 5,337 श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग से रवाना हुए। वहीं, 173 वाहनों में 4,500 श्रद्धालु छोटे बालटाल मार्ग के लिए निकले। इस जत्थे में 6,684 पुरुष, 2,730 महिलाएं, 21 बच्चे, 320 साधु, 80 साध्वियां और 2 ट्रांसजेंडर श्रद्धालु शामिल हैं। 57 दिन की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई है। यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF), स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें पूरे मार्ग पर तैनात हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें। सरकारी स्कूलों में 86 लाख छात्र कम हुए, प्राइवेट स्कूलों में 88 लाख नए एडमिशन देश में सरकारी स्कूलों की बजाय प्राइवेट स्कूलों की ओर छात्रों का रुझान बढ़ रहा है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी UDISE+ 2025-26 रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दो साल में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या करीब 86 लाख कम हो गई। वहीं, इसी दौरान प्राइवेट स्कूलों में 88 लाख से ज्यादा नए छात्रों ने एडमिशन लिया। रिपोर्ट के अनुसार, 2023-24 में सरकारी स्कूलों में 12.75 करोड़ छात्र थे, जो 2025-26 में घटकर 11.89 करोड़ रह गए। दूसरी ओर, प्राइवेट स्कूलों में छात्रों की संख्या 9 करोड़ से बढ़कर 9.89 करोड़ हो गई। देशभर में स्कूलों में कुल छात्रों की संख्या में भी हल्की गिरावट आई है। यह 24.80 करोड़ से घटकर 24.72 करोड़ रह गई है। हालांकि, अच्छी बात यह है कि शिक्षकों की संख्या बढ़ी है। अब देश में 1.03 करोड़ शिक्षक हैं, जिससे छात्र-शिक्षक अनुपात पहले से बेहतर हुआ है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बिना छात्रों वाले स्कूलों और सिर्फ एक शिक्षक वाले स्कूलों की संख्या कम हुई है। वहीं, मिडिल और सेकेंडरी स्तर पर बच्चों के स्कूल छोड़ने की दर भी घटी है और पहले के मुकाबले ज्यादा छात्र अपनी पढ़ाई जारी रख रहे हैं। चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज कंटेंट विवाद पर Meta की सफाई, बोला- बच्चों के शोषण के लिए हमारे एप्स पर कोई जगह नहीं इंस्टाग्राम पर चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मटेरियल (CSAM) से जुड़े विज्ञापनों के मामले में केंद्र सरकार के नोटिस के बाद Meta ने अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने कहा कि बच्चों का यौन शोषण एक भयानक अपराध है और उसकी किसी भी एप पर ऐसे कंटेंट के लिए कोई जगह नहीं है। Meta ने मंगलवार को एक विस्तृत ब्लॉग जारी कर बताया कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर ऐसे कंटेंट को रोकने के लिए AI बेस्ड सिस्टम, विज्ञापन का रिव्यू और बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर रही है। Meta ने कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि कंपनी जानबूझकर बच्चों से जुड़े अनुचित विज्ञापन लोगों को दिखाती है। पिछले साल उसने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 40 लाख से ज्यादा अकाउंट हटाए थे। कॉकरोच जनता पार्टी का ‘एक्स’ अकाउंट बहाल दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी का ‘एक्स’ अकाउंट बहाल करने का आदेश दिया। केंद्र सरकार ने कोर्ट को बताया कि नीट-यूजी 2026 री-टेस्ट से पहले संभावित अराजकता रोकने के लिए 21 मई को अकाउंट ब्लॉक किया गया था। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए ब्लॉकिंग आदेश रद्द कर दिया। क्रायोजेनिक इंजन का इसरो ने सफल परीक्षण किया, गगनयान में भी होगा इस्तेमाल इसरो ने अपने सबसे शक्तिशाली रॉकेट लॉन्च व्हीकल मार्क-3 (एलवीएम3) के अगले मिशन के लिए सीई20 क्रायोजेनिक इंजन का सफल परीक्षण किया है। यह परीक्षण तमिलनाडु के महेंद्रगिरि स्थित इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में किया गया। परीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि इंजन उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार है। एलवीएम3 इसरो का सबसे भारी रॉकेट है। इसी रॉकेट से चंद्रयान-2, चंद्रयान-3 और तीन वाणिज्यिक मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च किए जा चुके हैं। यही रॉकेट भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान में भी इस्तेमाल किया जाएगा। असली TMC विवाद- चुनाव आयोग ने रितब्रत बनर्जी गुट को 10 जुलाई तक जवाब दाखिल करने कहा तृणमूल कांग्रेस (TMC) में नेतृत्व को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने रितब्रत बनर्जी गुट को जवाब दाखिल करने के लिए 10 जुलाई तक का समय दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, रितब्रत गुट ने अपना पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का और समय मांगा था, जिसे आयोग ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को 6 जुलाई शाम 5:30 बजे तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था। हालांकि, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट ने तय समय के भीतर अपना विस्तृत जवाब आयोग को सौंप दिया, जबकि रितब्रत गुट ने समय बढ़ाने की मांग की। BRO फंड घोटाला: CBI ने 3 को गिरफ्तार किया, फर्जी मजदूरों के नाम पर करोड़ों की हेराफेरी की सीबीआई ने सीमा सड़क संगठन (BRO) के फंड में गड़बड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें लद्दाख में तैनात BRO का एक असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) और कारगिल के दो लेबर सप्लाई एजेंट शामिल हैं। तीनों पर फर्जी मजदूरों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप है। CBI ने इस मामले में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 26 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। CBI ने बताया कि दर्ज एफआईआर में लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के कुल 10 अधिकारियों के अलावा कुछ निजी व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है। गुजरात हाई कोर्ट का मामला- ‘काजू कतली पर फॉइल नुकसानदेह का प्रमाण नहीं’ गुजरात हाई कोर्ट ने कहा है कि काजू कतली पर लगी एल्युमिनियम फॉयल को सेहत के लिए नुकसानदेह बताने का कोई सबूत रिकॉर्ड पर नहीं है। कोर्ट ने मिठाई दुकान मालिकों को मिलावट के केस में बरी करने के फैसले को सही ठहराया। बेंच ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने तथ्यों और कानून को ठीक से नहीं पढ़ा। ट्रायल कोर्ट ने आरोपियों को सजा दी थी, जिसे अपीलीय कोर्ट ने पलटते हुए आरोपियों को बरी कर दिया था। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की अपील खारिज करते हुए अपीलीय कोर्ट का फैसला बरकरार रखा।
भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र में 6 महीने में 465 किसानों ने सुसाइड किया, मराठवाड़ा में सबसे ज्यादा 109 ने जान दी
