राजधानी में यमुना नदी पर पहली बार क्रूज सेवा की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार से जगतपुर तक 6 किलोमीटर लंबे रूट पर क्रूज को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से दिल्ली में जल पर्यटन के नए अध्याय की शुरुआत हुई है। अब पर्यटकों को यमुना की सैर के साथ नदी किनारे के प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। सीएम ने बताया कि क्रूज सेवा का उद्देश्य यमुना रिवरफ्रंट को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इससे राजधानी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। खासतौर पर पर्यटन, खानपान, परिवहन और अन्य सेवा क्षेत्रों को इसका फायदा मिल सकता है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर क्रूज में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। इस सेवा के जरिए दिल्ली आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को राजधानी घूमने का एक नया विकल्प मिलेगा। साथ ही यमुना के किनारों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना से दिल्लीवासियों का गहरा धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव है। क्रूज सेवा लोगों को नदी के करीब लाने के साथ परिवारों के लिए मनोरंजन का नया केंद्र बनेगी। केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने इसे जलमार्ग आधारित पर्यटन और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। 500 रुपए में 40 मिनट की सैर, 30 यात्रियों की क्षमता नमो यमुना रिवर सफारी के तहत इलेक्ट्रिक क्रूज में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे। करीब 40 मिनट की यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग दिल्ली पर्यटन की वेबसाइट के जरिए की जा सकेगी। वातानुकूलित क्रूज में लाइफ जैकेट, अनाउंसमेंट सिस्टम और बायो-टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट-साउंड शो भी आकर्षण सोनिया विहार में पर्यटकों के लिए फूड जोन, बच्चों के मनोरंजन और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट-साउंड शो के जरिए यमुना से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक कहानियां दिखाई जाएंगी। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के मुताबिक, भविष्य में और क्रूज जोड़ने के साथ वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू करने की भी योजना है।
दिल्ली में यमुना पर पहली क्रूज सेवा शुरू:6 किमी के सफर में दिखेगा नदी का खूबसूरत नजारा; CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
