महिलाओं की शिकायतों के लिए ग्रिवांस सेल बनाएगी दिल्ली सरकार:सीएम ने महिला आयोग की बैठक में पॉस्को जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

दिल्ली सरकार महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों के लिए अलग ग्रिवांस सेल बनाएगी।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में दिल्ली महिला आयोग की उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, साइबर अपराध और डिजिटल सशक्तिकरण को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए। बैठक में आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता, सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सिर्फ कानून बनाने से सुनिश्चित नहीं होगी, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से जुड़ी ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाने के साथ आयोग की जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। सीएम ने कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा। इसमें छात्राओं को ऑनलाइन उत्पीड़न, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर ठगी और अन्य डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। साथ ही, किसी घटना के बाद शिकायत कहां और किस तरह दर्ज कराई जाए, इसकी जानकारी भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्कूल-कॉलेजों में पॉस्को अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बालिकाओं को यौन अपराध और शोषण से सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों तथा शिकायत व्यवस्था की जानकारी देने के निर्देश दिए। इसके अलावा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पात्र किशोरियों तक एचपीवी टीकाकरण का लाभ पहुंचाने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *