सीएम रेखा गुप्ता ने बच्चों से बंधवाई राखी:रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे रहने वाले बच्चों से की मुलाकात

रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में सड़क किनारे रहने वाले बच्चों के साथ त्योहार मनाया।बच्चों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनके सपनों, पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों की शिक्षा और कल्याण से जुड़ी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
सीएम के निर्देश पर कुछ बच्चों का स्कूल में दाखिला
उल्लेखनीय है कि इन बच्चों में से कुछ का हाल ही में मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्कूलों में दाखिला कराया गया है। सरकार की पहल का उद्देश्य सड़क किनारे रहने वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना और उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने लक्ष्य तय करें और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को पंख देने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *