सोनीपत से सटे दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रॉपर्टी डीलर गुरुवार सुबह जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम के गेट पर पहुंचे, बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। वारदात के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। मृतक की पहचान सोनीपत के नाहरी गांव निवासी प्रमोद (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से उन्हें रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल आ रहे थे। घटना के बाद प्रमोद के भाई ने डेडबॉडी के पास 3 घंटे तक धरना दिया। उधर, पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने उनका शव लेने से मना कर दिया। कहा- जब तक बदमाशों का एनकाउंटर नहीं होगा तब तक डेडबॉडी नहीं लेंगे। वहीं, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। जिसमें हिमांशू भाऊ और नीरज फरीदपुरिया के नाम पर हत्या की जिम्मेदारी ली गई। पुलिस की ओर से अभी इस पोस्ट की सत्यतता की पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल की 3 तस्वीरें देखिए… धमकियों के बाद बुलेट प्रूफ गाड़ी में चलने लगे प्रमोद पिछले लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़े हुए थे। नाहरी गांव में ही उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है। इसके अलावा गांव में एक बैंक्वेट हॉल भी है। यह उनके छोटे भाई मुकुल संभालते हैं। बताया गया है कि प्रमोद को पिछले कुछ दिनों से लगातार रंगदारी मांगी जा रही थी। कॉल करने वाले उससे मोटी रकम की मांग कर रहे थे। धमकियों के बाद प्रमोद अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित थे। वह अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी में आने-जाने लगे थे। जिम के गेट पर पहुंचते ही बदमाशों ने की फायरिंग वारदात गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है। प्रमोद सुबह अपने घर से बाकनेर, नरेला स्थित द जिम पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम के गेट पर एंट्री करने लगे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। बदमाशों ने करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने से प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। भाई डेडबॉडी के सामने धरने पर बैठा हत्या की सूचना के बाद प्रमोद के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान प्रमोद का भाई मुकुल डेडबॉडी के सामने बैठ गया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुकुल ने कहा कि जिस तरह उसके भाई की हत्या की गई है, उसी तरह आरोपियों का भी एनकाउंटर होना चाहिए। 3 घंटे बाद पुलिस ने समझाकर पोस्टमॉर्टम कराया हत्या के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया। पुलिस प्रशासन और अधिकारी परिजनों व ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर संभावित एंगल पर काम किया जा रहा है। करीब 3 घंटे के बाद परिवार पोस्टमॉर्टम को राजी हुआ। पोस्ट में लिखा …कॉल आए तो पैसे दिए बिना पीछा नहीं छूटेगा भाऊ व फरीदपुरिया के नाम पर जिम्मेदारी ली प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद के मर्डर के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। जिसमें गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया के नाम पर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में रंगदारी के लिए पहले कॉल किए जाने और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है। साथ ही लिखा है कि लाइसेंसी हथियार के भरोसे नहीं रहना चाहिए और धमकी को गंभीरता से लेने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, वायरल पोस्ट की सत्यता और हत्या से इसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। —————————– ये खबर भी पढ़ें :- हरियाणा में जिम के बाहर फाइनेंसर की हत्या:एक्सरसाइज कर बाहर निकला था, बाइक सवार बदमाशों ने 8 राउंड फायरिंग की हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार सुबह जिम के बाहर एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मॉडल टाउन एरिया में फाइनेंसर एक्सरसाइज करने के बाद जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर करीब 8 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…
हरियाणा के प्रॉपर्टी डीलर का दिल्ली में मर्डर:जिम के बाहर गोलियों से भूना, रंगदारी मांगी जा रही थीं; परिजनों का डेडबॉडी लेने से इनकार
