दिल्ली यूनिवर्सिटी-28 मई को बकरीद की छुट्टी के दिन परीक्षा:केंद्र के आदेश के बाद NTA ने बदला फैसला; दोनों शिफ्ट के पेपर टले, DU पर उठे सवाल

नई दिल्ली दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) ने बकरीद की छुट्टी को लेकर ऐसा फैसला लिया है, जिससे हजारों छात्र असमंजस में पड़ गए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने केंद्र सरकार के आदेश के बाद ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी 27 मई से बदल कर 28 मई कर दी, लेकिन साथ ही साफ कर दिया कि इस दिन होने वाली सभी परीक्षाएं तय शेड्यूल के मुताबिक ही कराई जाएंगी। रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 28 मई को सभी कॉलेज, विभाग और कार्यालय बंद रहेंगे, लेकिन अकादमिक कैलेंडर को देखते हुए परीक्षाएं स्थगित नहीं की जाएंगी। इस फैसले के बाद छात्रों और शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है। एग्जीक्यूटिव काउंसिल और एकेडमिक काउंसिल के सदस्यों ने वीसी को पत्र लिखकर सवाल उठाया है कि जब पहले 27 मई को छुट्टी थी तब उस दिन परीक्षा नहीं रखी गई, तो अब 28 मई को छुट्टी घोषित होने के बावजूद परीक्षा क्यों कराए जा रहे हैं? प्रशासन का दोहरा रवैया है: काउंसिल सदस्य
एग्जीक्यूटिव काउंसिल सदस्य अमन कुमार ने कहा, एक तरफ छुट्टी घोषित की जा रही है, दूसरी तरफ छात्रों को परीक्षा देने बुलाया जा रहा है। यह प्रशासन का दोहरा रवैया है। काउंसिल सदस्यों ने इसे प्रशासनिक असंवेदनशीलता बताते हुए 28 मई की परीक्षाएं आगे बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे त्योहार मनाने वाले छात्रों और शिक्षकों को मानसिक तनाव और असुविधा होगी। एनटीए ने दी राहत, सीयूईटी-यूजी की 28 मई की परीक्षा टली,….
डीयू ने जहां छुट्टी के दिन भी परीक्षा कराने का फैसला लिया है, वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 28 मई को होने वाली सीयूईटी-यूजी परीक्षा स्थगित कर छात्रों को राहत दी है। एनटीए ने अपने नोटिस में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बकरीद की छुट्टी की तारीख बदलने के बाद यह निर्णय लिया गया। एनटीए डायरेक्टर डॉ अर्चना शुक्ला ने कहा, एजेंसी के मुताबिक 28 मई की दोनों शिफ्ट की परीक्षाएं टाल दी गई हैं और नई तारीख जल्द घोषित होगी। छात्र लगातार आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें, संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। अब छात्रों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा टाली जा सकती है, तो डीयू अपने छात्रों को राहत क्यों नहीं दे रहा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *