भास्कर अपडेट्स:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में तमिलनाडु CM विजय ने मुलाकात की

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की प्रधानमंत्री के साथ यह पहली औपचारिक बैठक है। 10 मई को TVK चीफ विजय ने तमिलनाडु की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आज की अन्य बड़ी खबरें… रक्षा मंत्रालय ने 5वीं पीढ़ी के AMCA विमान के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किया रक्षा मंत्रालय ने स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोजेक्ट के लिए मंगलवार को रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) जारी कर दिया। यह भारत के सबसे बड़े स्वदेशी फाइटर जेट प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है। रक्षा अधिकारियों के मुताबिक यह प्रस्ताव तीन शॉर्टलिस्ट किए गए बोलीदाताओं को भेजा गया है। इनमें लार्सन एंड टुब्रो-भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और भारत फोर्ज-BEML शामिल हैं। AMCA भारत का स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट प्रोजेक्ट है। इसका मकसद भारतीय वायुसेना को आधुनिक तकनीक वाले लड़ाकू विमान उपलब्ध कराना है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी RFP के जरिए अब कंपनियों से तकनीकी और वित्तीय प्रस्ताव मांगे जाएंगे। इसके बाद चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यह प्रोजेक्ट भारत के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सरकार लंबे समय से स्वदेशी रक्षा उत्पादन और एडवांस मिलिट्री टेक्नोलॉजी पर जोर दे रही है। असम में UCC बिल पास, बहुविवाह पर रोक लगी; राज्य में अब शादी, तलाक और लिव-इन के लिए एक कानून लागू असम विधानसभा ने बुधवार को यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल पास कर दिया। इसके तहत शादी, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे मामलों में सभी धर्मों के लिए एक समान कानून लागू होगा। इस बिल के पास होने के बाद असम, उत्तराखंड और गुजरात के बाद UCC कानून पारित करने वाला तीसरा राज्य बन गया है। सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट रास्ते से दिल्ली लौटी, 4 घंटे से ज्यादा हवा में रही दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहा बोइंग 777-300 ER प्लेन तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली वापस लौटा। घटना बुधवार सुबह की है। विमान में 230 यात्री-क्रू सवाल थे। एयरलाइन के मुताबिक फ्लाइट AI-173 को सुरक्षित लैंड कराया गया। उसकी तकनीकी जांच होगी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक विमान साढ़े 4 घंटे से ज्यादा समय तक हवा में रहा था। उड़ान भरने के करीब 3 घंटे बाद, जब विमान चीन के हवाई क्षेत्र में था, तभी उसे वापस दिल्ली मोड़ने का फैसला लिया गया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में होगा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में होगा। इस बार योग दिवस की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग यानी स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग रखी गई है। 25वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण मध्य प्रदेश के खजुराहो से किया गया। इस दौरान योग संगम पोर्टल, योग पार्क पोर्टल और नई योग टी-शर्ट भी लॉन्च की गई। ओडिशा में 5.21 करोड़ के फर्जी गोल्ड लोन मामले में दो गिरफ्तार ओडिशा की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने 5.21 करोड़ रुपए के फर्जी गोल्ड लोन घोटाले में दो बैंक अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान चंदन कुमार महला और देवेंद्र निरंजन साहू के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि 2024-25 के दौरान नकली और फर्जी सोने के आभूषणों के आधार पर 105 गोल्ड लोन मंजूर किए गए थे। कई मामलों में बिना सोना जमा किए और बिना डॉक्यूमेंट के भी लोन जारी कर दिए गए। इस मामले में EOW पहले ही गोल्ड अप्रेजर प्रशांत कुमार मलिक को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। गुजरात के समुद्री मार्ग से 1,150 करोड़ की कोकीन जब्त गुजरात ATS और भारतीय तटरक्षक बल की टीम ने कच्छ के समुद्री मार्ग पर कार्रवाई करते हुए करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1,150 करोड़ रुपए आंकी गई है। जांच में सामने आया है कि कोकीन की यह खेप दक्षिण अमेरिकी देशों से पाकिस्तान के रास्ते भारत लाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल ATS और अन्य एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। मणिपुर सुरक्षा बलों ने 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं। मंगलवार को सुरक्षा बलों ने उखरूल जिले में तीन अवैध बंकर ध्वस्त किए। इस दौरान 5 किलो IED और दो देसी पोम्पी गन बरामद की गईं। वहीं, चुराचांदपुर जिले के जंगल क्षेत्र में चलाए गए अभियान में 6 राइफल, मैगजीन और IED जब्त किए गए। दिल्ली के खजूरी खास में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की, जिनमें तीन गोलियां राजा को लगीं। आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है। वहीं दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक 17 साल के लड़के को गोली मार दी गई। पुलिस के मुताबिक लड़का एक रेस्टोरेंट में बैठा था, तभी कुछ युवकों से कुर्सी छूने को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद आरोपी वापस लौटे और एक युवक ने गोली चला दी। घायल लड़के को AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। केरलम के पूर्व सीएम पिनराई विजयन के घर ED ने छापेमारी की प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी की। मामला कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। ED ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की है। जांच एजेंसी के मुताबिक, CMRL नाम की कंपनी ने 2018-19 के दौरान विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपए दिए। यह भुगतान बिना किसी काम या सेवा के बदले किया था। एक दिन पहले मंगलवार को केरल हाईकोर्ट ने CMRL की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें ED की कार्रवाई रद्द करने की मांग की गई थी। ED ने इस मामले में 2024 में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। महाराष्ट्र में पिता ने 4 बच्चों को कुएं में फेंका, फिर खुदकुशी की महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी से झगड़े के बाद अपने चार बच्चों को कुएं में फेंक दिया और बाद में खुद फांसी लगा ली। घटना जलगांव-जामोद इलाके की है। पुलिस के मुताबिक चारों बच्चों की मौत हो गई। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना के पीछे की पूरी वजह पता लगाने में जुटी है। युगांडा से बेंगलुरु आई महिला में इबोला जैसे लक्षण, अस्पताल में भर्ती युगांडा से आई 28 साल की महिला में इबोला जैसे लक्षण मिलने के बाद उसे बेंगलुरु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला को शरीर दर्द की शिकायत थी और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। महिला के सैंपल जांच के लिए पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजे गए हैं। कर्नाटक सरकार ने अफ्रीकी देशों से लौटे लोगों को 21 दिन तक स्वास्थ्य निगरानी में रहने की सलाह दी है। सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले में सात आरोपियों पर आरोप तय असम के मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में कोर्ट ने सात आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया है। कोर्ट ने कहा कि अब सीधे गवाहों की सुनवाई होगी, जो 8 जून से शुरू होगी। मामले की जांच के लिए SIT बनाई गई थी और आरोपियों पर हत्या समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। दिल्ली की कोर्ट ने 2020 दिल्ली दंगे के तीन आरोपियों को बरी किया दिल्ली की एक अदालत ने 2020 उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में तीन आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि मुख्य गवाह की गवाही भरोसेमंद नहीं थी और उसमें कई विरोधाभास थे। मामला करावल नगर इलाके में एक युवक पर हमले और लूट से जुड़ा था। कोर्ट ने कहा कि आरोपीयों की पहचान पुख्ता तरीके से साबित नहीं हो सकी, इसलिए उन्हें संदेह का लाभ दिया गया। जम्मू-कश्मीर में निर्माणाधीन पुलिया गिरने से महिला मजदूर की मौत, 13 घायल जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में निर्माणाधीन पुलिया गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसा गंडोह इलाके में हुआ। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ मजदूरों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। दिल्ली में प्रेग्नेंट महिला की मौत, परिवार ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया मुस्तफाबाद इलाके में एक गर्भवती महिला की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। महिला के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही सोना और नकदी की मांग शुरू हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर लोकमान्य मधु दंडवते रेलवे टर्मिनस होगा महाराष्ट्र कैबिनेट ने सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “लोकमान्य मधु दंडवते रेलवे टर्मिनस” करने को मंजूरी दे दी है। मधु दंडवते को कोंकण रेलवे का प्रमुख निर्माता माना जाता है। अब इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। कैबिनेट ने सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर की समय सीमा बढ़ाने और ठाणे के एक मंदिर ट्रस्ट को जमीन देने का भी फैसला किया। वहीं नागपुर आउटर रिंग रोड परियोजना के लिए निजी जमीन खरीद पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ किया गया है। दिल्ली के कीर्ति नगर में बैंक बिल्डिंग में आग पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में एक बैंक वाली बिल्डिंग में आग लग गई। आग ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है। धुएं के कारण ऊपर रहने वाले लोग छत के रास्ते पड़ोस की बिल्डिंग में पहुंचे। दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *