भास्कर अपडेट्स:E20 पेट्रोल पर सरकार की सफाई:सुप्रीम कोर्ट में ‘प्रयोग’ नहीं बताया, सोशल मीडिया के दावों को भी बताया गलत

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट में उसने कभी भी E20 (एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) कार्यक्रम को “प्रयोग” (Experiment) नहीं बताया। सरकार ने कहा कि अदालत में केवल यह जानकारी दी गई थी कि एथेनॉल आवंटन से जुड़े समान मामलों की सुनवाई अलग-अलग हाईकोर्ट में चल रही है, जिन्हें एक साथ सुप्रीम कोर्ट में सुनने के लिए ट्रांसफर याचिकाएं दायर की जा रही हैं। अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने सुनवाई के दौरान कहा कि यह कदम समान कानूनी सवालों पर अलग-अलग फैसलों से बचने और मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के लिए उठाया जा रहा है। सरकार ने अपने बयान में कहा कि अदालत में किसी भी स्तर पर यह नहीं कहा गया कि EBP या E20 कार्यक्रम एक “प्रयोग” है। ऐसे दावे पूरी तरह गलत हैं। इसी बीच, केंद्र ने सोशल मीडिया पर वायरल उन पोस्टों को भी खारिज किया, जिनमें दावा किया गया था कि देशभर के पेट्रोल पंपों पर E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के खिलाफ चेतावनी वाले बोर्ड लगाए गए हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… विदेश सचिव विक्रम मिस्री को एक्सटेंशन मिला, एक साल और पद पर बने रहेंगे सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री को बुधवार को एक साल का एक्सटेंशन दिया। यह अगले साल 14 जुलाई तक प्रभावी रहेगा। 1989 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी मिस्री को जून 2024 में विदेश सचिव पर नियुक्त किया गया था। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने ‘फंडामेंटल रूल 56(d)’ के प्रावधानों के तहत मिस्री की सेवा अवधि बढ़ाने को मंज़ूरी दे दी है। इस नियम में रक्षा सचिव, विदेश सचिव, गृह सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के सचिव और कुछ अन्य अधिकारियों के लिए 60 साल की रिटायरमेंट उम्र के बाद भी सेवा अवधि बढ़ाने का प्रावधान है। शिवसेना के सचिन अहीर महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति निर्विरोध चुने गए शिवसेना (UBT) के MLC सचिन अहीर बुधवार को महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति निर्विरोध निर्वाचित हो गए। उन्होंने सत्तारूढ़ महायुति के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। उनके निर्विरोध चुने जाने से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (MVA) ने शुरुआत में शिवसेना (UBT) के जगन्नाथ अभ्यंकर को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में उनका नाम वापस ले लिया गया। विधानमंडल कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल की अपील पर शिवसेना (UBT) के विधायक अनिल परब ने सदन में अभ्यंकर की उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा की। इसके बाद सचिन अहीर निर्विरोध उपसभापति चुने गए। सचिन अहीर ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। यह फैसला शिवसेना के भीतर भी कई नेताओं के लिए चौंकाने वाला था। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब एक सप्ताह पहले ही शिवसेना (UBT) के छह बागी लोकसभा सांसद शिंदे गुट में शामिल हुए थे। महायुति में BJP और NCP भी शामिल हैं।
बंगाल में नए विधायकों को सिखाए जाएंगे सदन के तौर-तरीक, 3 जुलाई से दो दिन का ओरिएंटेशन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 3 जुलाई को पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में लोकसभा सचिवालय के संसदीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) और पश्चिम बंगाल विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलावा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी संबोधित करेंगे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रितब्रत बनर्जी भी कार्यक्रम में अपना संबोधन देंगे। पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष भी उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं और विधानसभा के कामकाज की व्यापक जानकारी देना है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें। असम राइफल्स ने ₹ 9.5 करोड़ की ड्रग्स जब्त की, 2 महिलाएं गिरफ्तार, मिर्च के डिब्बों में छिपाकर रखी थी ड्रग्स असम राइफल्स ने पूर्वोत्तर में सक्रिय ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹ 9.5 करोड़ की ड्रग्स जब्त की है। यह कार्रवाई असम राइफल्स की श्रीकोना बटालियन ने 30 जून को कछार पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में असम के कछार जिले के टोलेंग्राम के पास की। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने 30 हजार याबा टैबलेट और 535 ग्राम हेरोइन बरामद की। तस्करों ने ड्रग्स को लाल मिर्च से भरे डिब्बों में छिपाया था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। मौके से मणिपुर के तामेंगलोंग जिले की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई पिछले 48 घंटे में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बलों की लगातार तीसरी बड़ी सफलता है। इससे एक दिन पहले करीब ₹ 5 करोड़ की ड्रग्स बरामद की गई थी। आंध्र प्रदेश में दो ट्रकों की टक्कर के बाद आग लगी, 4 लोगों की जलकर मौत आंध्र प्रदेश के बोयापालेम गांव में बुधवार सुबह करीब 6 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक में आग लग गई, जिससे उसमें सवार 4 लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद कागज से लदे ट्रक में आग लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कर्नाटक के मंगलुरु में लैंडस्लाइड से घर पर गिरी कंपाउंड की दीवार, 3 की मौत कर्नाटक के मंगलुरु के कंकनाडी इलाके में बुधवार को लैंडस्लाइड के कारण एक कंपाउंड की दीवार टाइल वाली छत के मकान पर गिर गई। हादसे में दो बच्चियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय 6 लोग मलबे में दब गए थे। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। टीमों ने बलकृष्ण, अल्का और अनुषा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में शांता, अनामिका चौरसिया और परी की मौत हो गई। सभी पीड़ित मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और पिछले करीब 20 सालों से किराये के मकानों में रह रहे थे। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित बने भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बुधवार को भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ) का पदभार संभाला। उन्होंने नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पदभार संभालने से पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। गुजरात के भरूच में बन रहे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दीवार गिरी, 2 लोगों की मौत गुजरात के भरूच में बुधवार को भारी बारिश के कारण बन रहे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दीवार पास के घर पर गिर गई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। घटना के समय 4 लोग घर में मौजूद थे। दो लोग बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। फिलहाल दीवार गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। दिल्ली के उत्तम नगर में शोरूम में आग लगी, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार को एक शोरूम की चार मंजिला इमारत में आग लग गई। बिल्डिंग में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर आग की चपेट में आ गया। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, आग पर सुबह 6:30 बजे पूरी तरह काबू पा लिया गया। सुबह 7:05 बजे तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दिल्ली में इजराइली दूतावास का कर्मचारी लिफ्ट में फंसा, पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला दिल्ली के वसंत विहार स्थित एक बिल्डिंग में मंगलवार दोपहर इजराइली दूतावास का कर्मचारी लिफ्ट में फंस गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 12:20 बजे घटना की सूचना मिली थी। दमकल विभाग ने तीन गाड़ियां मौके पर भेजीं। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने लिफ्ट में फंसे कर्मचारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच में रुक गई थी, जिससे कर्मचारी कुछ देर तक अंदर फंसा रहा। घटना में उसे कोई चोट नहीं आई और मेडिकल सहायता की जरूरत भी नहीं पड़ी। मणिपुर में कुकी-जो प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों की झड़प, भीड़ को रोकने के लिए छोड़े गए आंसू गैस के गोले मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार को कुकी-जो समुदाय के 500 से ज्यादा लोग प्रदर्शन मार्च के दौरान सुरक्षाबलों से भिड़ गए। प्रदर्शनकारी आवश्यक सामान की सप्लाई बहाल करने और राष्ट्रीय राजमार्गों से नाकेबंदी हटाने की मांग कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारी इम्फाल पश्चिम के कांगलाटोंगबी की ओर बढ़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें गमगीफाई इलाके में रोक दिया गया। इसी दौरान झड़प शुरू हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े। यह प्रदर्शन कांगपोकपी जिले की कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) की 48 घंटे की चेतावनी खत्म होने के एक दिन बाद हुआ। समिति का आरोप है कि तय समय के भीतर राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर दवाइयों समेत जरूरी सामान की आवाजाही बहाल नहीं की गई। मराठी थिएटर की दिग्गज निर्देशक विजय मेहता का निधन, 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली मराठी थिएटर को नई पहचान देने वाली सीनियर डायरेक्टर, अभिनेत्री और रंगकर्मी विजय मेहता का मंगलवार रात निधन हो गया। वह 92 साल की थीं। उम्र संबंधी बीमारियों के कारण उन्होंने दक्षिण मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। एक्टर विजय केंकरे ने उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विजय मेहता का निधन रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ। केंकरे ने उन्हें अपना गुरु बताते हुए कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। विजय मेहता ने नाटककार विजय तेंदुलकर, अभिनेता डॉ. श्रीराम लागू और रंगकर्मी अरविंद देशपांडे के साथ मिलकर चर्चित थिएटर ग्रुप ‘रंगायन’ की स्थापना की थी। मराठी थिएटर में उनके योगदान को मील का पत्थर माना जाता है। उन्होंने ‘एक शून्य बाजीराव’, ‘बैरिस्टर’, ‘हमीदाबाईची कोठी’, ‘पुरुष’, ‘महासागर’ और ‘शकुंतल’ जैसे चर्चित नाटकों का निर्देशन किया। विजय मेहता ने हिंदी की समानांतर सिनेमा की चर्चित फिल्म ‘राव साहेब’ (1986) और ‘पेस्टनजी’ (1988) का निर्देशन किया। एक्टर के तौर पर वह 1984 में गोविंद निहलानी की फिल्म ‘पार्टी’ में भी नजर आई थीं। कलकत्ता हाईकोर्ट बोला- पति की उम्र ज्यादा होने पर भी महिला को IVF से नहीं रोका जा सकता; 49 साल की महिला को इलाज देने का आदेश कलकत्ता हाईकोर्ट ने कहा कि अगर कोई महिला उम्र और स्वास्थ्य के लिहाज से IVF करा सकती है, तो सिर्फ पति की उम्र ज्यादा होने की वजह से उसे इलाज से मना नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने 49 साल की महिला को IVF की सुविधा देने का आदेश दिया है। मामला एक ऐसे दंपती का है, जो 2014 से संतान के लिए प्रयास कर रहा है। अस्पताल ने IVF करने से इनकार कर दिया था, क्योंकि पति की उम्र 57 साल है। जबकि ART कानून के तहत पुरुषों के लिए अधिकतम उम्र 55 साल तय है। महिला की उम्र 49 साल है। कोर्ट ने कहा कि IVF में महिला ही गर्भ धारण करती है और बच्चे को जन्म देती है। इसलिए सिर्फ पति की उम्र के आधार पर महिला को इलाज से नहीं रोका जा सकता। अदालत ने यह भी कहा कि कानून का मकसद तकनीक के गलत इस्तेमाल को रोकना है, इलाज की जरूरत वाली महिला को उससे दूर रखना नहीं। इसके बाद कोर्ट ने अस्पताल को दंपती का IVF इलाज करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *