मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में कई खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले मुंबई के पास एक जगह पर फायरिंग की प्रैक्टिस की थी। अंधेरी के एक होटल के कमरे में भी मिसफायर हुआ था। इस दौरान गोली बेड पर भी लगी थी। पुलिस का आरोप है कि हमले के लिए अमृतसर से हथियार लाए गए, फिर ट्रेन से मुंबई पहुंचाए गए और शूटरों को सौंपे गए। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें हरियाणा के 7 आरोपी, उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं और बिहार का एक युवक शामिल है। गिरफ्तार महिलाओं के परिवारों ने दावा किया है कि वे घूमने और धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए मुंबई गई थीं। टाइगर की कार पर 18 अक्टूबर की शाम फायरिंग हुई थी। उनका ड्राइवर और एक फैन घायल हुए थे। इस मामले में दिल्ली से पकड़े गए चारों आरोपियों को मुंबई कोर्ट ने 26 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। आरोपियों ने बताया- फायरिंग से पहले कहां की थी प्रैक्टिस मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने जिस जगह पर हथियार चलाने की प्रैक्टिस की थी, उन्होंने पुलिस को उस जगह के बारे में बताया। एक आरोपी ने दो राउंड और दूसरे ने एक राउंड फायर किया था। जांच में यह भी सामने आया कि अंधेरी के एक होटल के कमरे में हथियार चलाने की कोशिश के दौरान गोली बेड पर लगी थी। पुलिस अब प्रैक्टिस वाली जगह और हमले की तैयारी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। कुणाल-सुमित अमृतसर से हथियार लाए, राधा-बबीता ने मुंबई पहुंचाया पुलिस के मुताबिक, हमले में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई के लिए कई लोगों ने अलग-अलग भूमिका निभाई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, कुणाल और सुमित अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आए थे। इसके बाद कुणाल ने अपनी गर्लफ्रेंड राधा को हथियार मुंबई ले जाने के लिए तैयार किया। 15 अक्टूबर को वह राधा और बबीता के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। इस दौरान कुणाल एक एन्क्रिप्टेड एप के जरिए अनिल पंडित संपर्क में था। 17 अक्टूबर को राधा-बबीता मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। इसके बाद एक आरोपी ने राधा से हथियारों वाला बैग लिया। अगले दिन टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। हथियार देने के बाद राधा और बबीता ट्रेन से दिल्ली लौट गई थीं। परिवारों का दावा- घूमने के बहाने मुंबई गई थीं राधा-बबीता राधा की मां मैना देवी ने दावा किया कि उनकी बेटी रोजगार की तलाश में हरियाणा गई थी और एक फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं, बबीता के पिता राम जतना राम ने कहा कि उनकी बेटी सोनीपत की पैकेजिंग यूनिट में काम करती थी। बबीता की बहन नीलम के मुताबिक, राधा और बबीता धार्मिक स्थलों पर जाने और मन्नत पूरी करने के लिए मुंबई गई थीं। परिवारों ने दोनों महिलाओं को निर्दोष बताते हुए न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताया है। लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित के इशारे पर हमले का आरोप मुंबई पुलिस ने कोर्ट में दावा किया कि टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के कहने पर की गई थी। पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है और अमेरिका में रह रहा है। जांच में सामने आया कि कुणाल अमृतसर से हथियार लाने के बाद एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, सोनीपत का समीर भी शूटर रेहान और अनिल पंडित के बीच संपर्क की कड़ी बना था। टाइगर की कार पर फायरिंग में ड्राइवर और एक फैन घायल 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल क्लब से निकलते समय टाइगर श्रॉफ की कार पर 6 से 7 राउंड फायरिंग हुई थी। एक्टर सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायल व्लॉगर उमेश चौहान की केईएम अस्पताल में बुधवार को गोली निकालने के लिए सर्जरी की गई थी। बीएमसी के मुताबिक, सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। कोटा से पकड़े गए तीन शूटर 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में कोटा से गिरफ्तार किए गए तीन शूटरों- रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और ऋतिक उर्फ रोशन को पुलिस मुंबई लाकर अदालत में पेश कर चुकी है। कोर्ट ने तीनों को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। ——————————- ये खबर भी पढ़ें… टाइगर श्रॉफ फायरिंग-आरोपियों ने अमिताभ-सलमान, आमिर-अक्षय की रेकी की थी: सिक्योरिटी ज्यादा थी तो प्लान बदला एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले आरोपियों ने बताया है कि उन्होंने पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार की रेकी की थी, लेकिन सिक्योरिटी ज्यादा होने के कारण प्लान बदल दिया था। आरोपियों के साथ एक चौथा युवक भी था, लेकिन वह हमले से एक रात पहले सिगरेट पीने के बहाने होटल से भाग गया। पूरी खबर पढ़ें.. टाइगर श्रॉफ फायरिंग- 10 गिरफ्तार आरोपियों में से 7 हरियाणा के: 2 शूटर, 2 ने हथियार सप्लाई किए; तीन आरोपियों ने रेकी की बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में हरियाणा के युवकों की भूमिका लगातार सामने आ रही है। अब तक गिरफ्तार 10 आरोपियों में से 7 हरियाणा के हैं। इन सभी का सोनीपत जिले से कनेक्शन है। पूरी खबर पढ़ें…
Related Posts
दिल्ली यूनिवर्सिटी में आपातकाल पर संगोष्ठी:लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प, युवाओं से जागरूक और सक्रिय रहने का आह्वान
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को अखिल…
प्रियंका का प्रह्लाद जोशी पर कमेंट, संसद में हंगामा:रिजिजू बोले– शिक्षामंत्री का चरित्र हनन करने की कोशिश, माफी मांगें; प्रियंका का जवाब– सबूत दूंगी
लोकसभा में दोपहर 2 बजे से पेपर लीक से जुड़े ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की…
कोलकाता में बारिश से सड़कें डूबीं, जगह-जगह ट्रैफिक जाम:दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश से पेड़ गिरने, टेंट-शेड उड़ने का खतरा; गोवा में टूरिस्ट समुद्र में बहा
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में गुरुवार दोपहर को मूसलाधार बारिश हुई। करीब दो घंटे की…
