दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह ₹2,500 की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट के इस फैसले के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं दिल्ली सचिवालय पहुंचीं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से लगातार काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने घोषणा की कि 1 अगस्त से दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी। आर्थिक सहायता नहीं-महिलाओं का सम्मान : सीएम सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सभी के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार। 1 अगस्त से दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण प्रारंभ हो रहा है। यह योजना नारी शक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सरकार हर बेटी, हर बहन और हर परिवार के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर समर्पित रहेगी।” सरकार का कहना है कि योजना के क्रियान्वयन के साथ पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें दैनिक जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिलेगी। योजना के पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी पंजीकरण शुरू होने के साथ जारी की जाएगी।
दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी:महिलाओं ने जताया सीएम का आभार, हर महीने महिलाओं को मिलेंगे ₹2,500
