भास्कर अपडेट्स:कर्नाटक में कार और बस की टक्कर के बाद दोनों में आग लगी, कार सवार एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

कर्नाटक के यादगीर जिले में शुक्रवार को कार और बस की टक्कर में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। आमने-सामने की टक्कर के बाद कार और बस दोनों में आग गई थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, कार का टायर फटने से ड्राइवर का कंट्रोल छूट गया। इसी दौरान सामने से आ रही बस से टक्कर हो गई और कार में आग लग गई। कार में 10 लोग सवार थे, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल थे। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां 9 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। आज की अन्य बड़ी खबरें… सुप्रीम कोर्ट अवैध खनन पर सख्त, बोला- कानून मजबूत, लेकिन अफसर सुस्त सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि खनन माफिया से निपटने के लिए कानून पूरी तरह मजबूत है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी सही तरीके से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं और मामले को टाल रहे हैं। कोर्ट ने इशारा किया कि इसकी वजह समझना मुश्किल नहीं है। कोर्ट ने नेशनल चंबल घड़ियाल अभयारण्य में हो रहे अवैध रेत खनन पर चिंता जताते हुए कई निर्देश दिए। अदालत ने कहा कि यह मामला सिर्फ नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी गंभीर खतरा है। रेप के आरोपी अशोक खरात के करीबी और पत्नी की कार एक्सीडेंट में मौत, बेटा घायल महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को जेल में बंद गॉडमैन अशोक खरात के करीबी जितेंद्र शेलके (55) और उनकी पत्नी अनुराधा (50) की कार खड़ी कंटेनर ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12 बजे धोतरे गांव के पास हुआ, जब शेलके गाड़ी चला रहे थे और नियंत्रण खो बैठे। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया। बेटे का इलाज जारी है और पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अहमदाबाद में आसाराम आश्रम को गिराने का रास्ता साफ, गुजरात हाईकोर्ट ने आश्रम की अपील खारिज की गुजरात हाईकोर्ट ने गुरुवार को मोटेरा आश्रम ट्रस्ट की तरफ से दायर याचिका खारिज कर दी। इस याचिका में शहर के मोटेरा इलाके में स्थित भूखंड को खाली कराने की सरकारी कार्रवाई को चुनौती दी गई थी। कोर्ट के फैसले से राज्य सरकार के लिए आश्रम की जमीन अपने कब्जे में लेने का रास्ता साफ हो गया है। मोटेरा आश्रम की 45,000 वर्ग मीटर से ज्यादा की जमीन पर 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाना है। वर्तमान में इस जमीन की मार्केट वैल्यू 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की है। अमरनाथ यात्रा के लिए अबतक 25 हजार ने रजिस्ट्रेशन कराया दक्षिण कश्मीर में बनी अमरनाथ गुफा मंदिर की सालाना यात्रा के लिए अबतक 25,000 से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने गुरुवार को यात्रा की तैयारियों का जायज़ा लिया और ज़रूरी सुविधाओं को पूरा करने के लिए 20 जून की डेडलाइन तय की। गुफा मंदिर की 57 दिनों की तीर्थयात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल को शुरू हुआ है। अकेले पहले दिन ही 19,402 रजिस्ट्रेशन हुए थे। NH-52 पर केमिकल टैंकर में धमाके के बाद आग, ड्राइवर लापता होने की आशंका कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गुरुवार को नेशनल हाईवे-52 पर एक केमिकल टैंकर में धमाके के बाद भीषण आग लग गई। घटना अंकोला के कंचिनाबागिलु इलाके के पास हुई, जहां विस्फोट के तुरंत बाद टैंकर आग की लपटों में घिर गया। धमाके के चलते आग तेजी से फैल गई और घटनास्थल से घना धुआं उठने लगा, जिससे राहत और बचाव टीमों को मौके के पास पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अधिकारियों को आशंका है कि टैंकर का ड्राइवर लापता हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद ही घटना को लेकर बाकी जानकारी सामने आएगी। गोवा के मंद्रेम में बीच किनारे भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर टीम गोवा के मंद्रेम में गुरुवार को बीच किनारे एक प्रॉपर्टी के पास तीन कॉटेज में अचानक भीषण आग लग गई। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। पेरनेम फायर स्टेशन के इंचार्ज नामदेव पवार ने बताया कि दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और किसी के हताहत होने की भी जानकारी सामने नहीं आई है। दिल्ली LG तरनजीत सिंह संधू को ट्रंप की बधाई, बोले- भारत-अमेरिका रिश्तों को किया मजबूत अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी है। ट्रंप ने संधू को एक अनुभवी राजनयिक बताते हुए भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका की सराहना की। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि तरनजीत संधू ने अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने के लिए हमेशा गहरी प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने दिल्ली के विकास और वैश्विक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए संधू को शुभकामनाएं भी दीं। देश में नक्सल हिंसा खत्म: MHA का दावा- अब कोई जिला प्रभावित नहीं गृह मंत्रालय (MHA) ने राज्यों को जानकारी दी है कि भारत अब नक्सल हिंसा से प्रभावित नहीं रहा और देश का कोई भी जिला इस श्रेणी में नहीं आता है। 8 अप्रैल को नौ राज्यों को भेजे गए आधिकारिक पत्र के मुताबिक, देश में अब कोई भी जिला नक्सल हिंसा प्रभावित के रूप में वर्गीकृत नहीं है। इससे पहले 30 मार्च को संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा था कि भारत अब माओवादी प्रभाव से मुक्त हो चुका है। सरकार के इस दावे को देश में आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है पंजाब में पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल, 4 हैंड ग्रेनेड और हथियार बरामद पंजाब पुलिस ने गुरुवार को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल को पकड़ा है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उसके कब्जे से चार हैंड ग्रेनेड समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने अमृतसर और मोहाली स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन यूनिट के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान दो विदेशी पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *