भास्कर अपडेट्स:काउंटर टिकट पर ट्रैवल इंश्योरेंस के लिए डिजिटल पेमेंट जरूरी, 27 अक्टूबर से लागू; पहले ऑनलाइन टिकट बुक करने पर मिलता था

रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 से रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर (PRS) पर टिकट खरीदते समय वैकल्पिक ट्रैवल इंश्योरेंस लेने वाले यात्रियों को डिजिटल पेमेंट करना होगा। इंश्योरेंस का प्रीमियम 45 पैसे प्रति यात्री है। इसे नकद में नहीं लिया जाएगा। पहले ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रैवल इंश्योरेंस लेने की सुविधा थी। अब, यह सुविधा रेलवे के फिजिकल रिजर्वेशन काउंटर से टिकट लेने वालों को भी मिलेगी। टिकट बुकिंग के समय कन्फर्म (CNF), RAC या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट पात्र हैं। रेलवे बोर्ड के मुताबिक, टिकट रद्द होने पर 45 पैसे के प्रीमियम में से 9 पैसे काटे जाएंगे, इसके अलावा लागू टिकट कैंसिलेशन शुल्क भी लगेगा। आज की अन्य बड़ी खबरें… TMC चुनाव चिह्न विवाद में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, दोनों गुटों को दलीलें पेश करने के लिए 20 दिन का समय दिया
सुप्रीम कोर्ट ने ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ के दोनों विरोधी गुटों को चुनाव आयोग के समक्ष अपनी दलीलें पूरी करने के लिए 20 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। यह विवाद पार्टी के नाम और “फूल और घास” वाले चुनाव चिह्न से जुड़ा है। इसके पहले कोर्ट ने ममता बनर्जी के गुट (ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस) की ओर से पेश वरिष्ठ वकील और सांसद कल्याण बनर्जी, तथा ऋतब्रत बनर्जी के गुट का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ वकील के. परमेश्वर की दलीलें सुनीं। 28 सितंबर को, पीठ ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया था कि वह विवाद पर चार महीने में फैसला ले। बॉम्बे हाईकोर्ट ने इमरान खान की याचिका पर सुनवाई टाली; लीव इंडिया नोटिस को चुनौती दी है बॉम्बे हाईकोर्ट आमिर खान का भांजे इमरान खान की याचिका पर कल सुनवाई करेगा। इमरान ने CEC के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने के लिए FRRO, मुंबई की तरफ से जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ को चुनौती दी है। खान के वकील ने कुछ समय की मोहलत मांगी थी। इसके बाद मामले की सुनवाई टाल दी गई है। कांग्रेस के गलत प्रचार के खिलाफ 2 नवंबर को तेलंगाना बीजेपी की पदयात्रा, अमित शाह भी शामिल होंगे
तेलंगाना राज्य बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 नवंबर को तेलंगाना बीजेपी की पदयात्रा में शामिल होंगे। इस पदयात्रा का उद्देश्य कांग्रेस के फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव (गलत प्रचार) का पर्दाफाश करना है, जिसका मकसद देश के युवाओं को भड़काना है। यह पदयात्रा 1 नवंबर को रामलीला मैदान में वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस की जनरैली के ठीक एक दिन बाद आयोजित की जा रही है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में संदिग्ध आतंकियों की खबर मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के करनाडी इलाके में संदिग्ध आतंकियों की खबर मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने की जानकारी दी थी। अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), भारतीय सेना और CRPF के जवान शामिल हैं। सुरक्षा बल इलाके में तलाशी लेकर संदिग्धों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में वेल्डिंग के दौरान आग लगी, 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, कोई हताहत नहीं दिल्ली में नॉर्थ ब्लॉक की छत पर लगे AC बॉयलर में आग लग गई। घटना के बाद आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया है। दिल्ली अग्निशमन विभाग के मुताबिक, घटना के समय वहां वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे AC बॉयलर में आग लग गई। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है। सांसद मिलिंद देवड़ा ने बताया कि संसद जाते समय उन्हें नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आग लगने की आशंका जताई और उम्मीद जताई कि सभी सुरक्षित होंगे तथा आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच रही होंगी। तेलंगाना के फार्महाउस में 21 साल के इंजीनियरिंग छात्र की मौत; जन्मदिन मनाने गया था तेलंगाना के लिवेन में एक फार्महाउस में 21 साल के इंजीनियरिंग छात्र की मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने गया था। पार्टी के बाद सभी दोस्त फार्महाउस में ही सो गए। कल सुबह छात्र मृत मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। पुलिस को आशंका है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई हो सकती है। मौत की असली वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 500 करोड़ के वायरल ऑडियो विवाद में ED जांच की मांग, संजय राउत ने अमित शाह को लिखा पत्र शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन को खत्म कराने के लिए एक्टिविस्ट मनोज जरांगे पाटिल को 500 करोड़ रुपये देने की कथित कोशिश के मामले में ED जांच की मांग की है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। इस विवाद में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे और उनके पिता एकनाथ शिंदे का नाम सामने आया है। राउत ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और पैसा कहां गया। मनोज जरांगे पाटिल ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की अपील की। जरांगे का आरोप है कि मराठा आंदोलन को बदनाम करने और बंद कराने की साजिश की जा रही है। वहीं, इन आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। दिल्ली में निर्माणाधीन मकान की स्लैब गिरने से 2 की मौत दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन मकान की स्लैब गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची टीम ने सोमवार सुबह दोनों के शव बरामद किए। अरुणाचल के पासीघाट भेजे गए आरएएफ के 250 जवान, बांध के विरोध में हो रही है हिंसा अरुणाचल में प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना के विरोध में हिंसा के बाद रविवार को भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। पासीघाट को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। केंद्र ने सुरक्षा के लिए आरएएफ की 2 कंपनियां भेजी हैं। इनमें 250 जवान हैं। इन्हे भारतीय वायुसेना के एयरक्राफ्ट के जरिए अरुणाचल पहुंचाया गया है। इस बीच, पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। 40 से ज्यादा जवान भी घायल हुए हैं। असम में बिहू कलाकारों पर हमला करने के मामले में 13 लोग गिरफ्तार असम के श्रीभूमि जिले में बिहू कलाकारों के एक दल पर हमला करने के मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शुक्रवार को श्रीभूमि जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान यह घटना हुई थी। आरोप है कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए बुलाए गए बिहू कलाकारों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह झगड़ा बराक वैली में असमिया गाने बजाने के खिलाफ हुआ था। इस दौरान कलाकारों के कई सदस्य घायल हो गए और उनके संगीत वाद्ययंत्रों को भी नुकसान पहुंचाया गया था। मणिपुर के कैंप से 150 कुकी उग्रवादी लापता; गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी मणिपुर के कांगपोक्पी में समझौते के तहत बने सिनाई कैंप से 150 कुकी उग्रवादी लापता हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी दी है। कैंप की जांच में सिर्फ एक पंजीकृत उग्रवादी मिला, जबकि वहां मौजूद 17 अन्य लोगों की पहचान रिकॉर्ड से मेल नहीं खाई। लापता उग्रवादियों को गिरफ्तार कर 24 हथियार जब्त किए गए थे। यह कार्रवाई तीन मैतेई नागरिकों की हत्या के बाद हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *