भास्कर अपडेट्स:जुबीन गर्ग मौत मामले में मुख्य आरोपी श्यामकनु महंता की जमानत याचिका खारिज

असम के चर्चित जुबीन गर्ग मौत मामले में मुख्य आरोपी श्यामकनु महंता को गौहाटी हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। शुक्रवार को अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने माना कि आरोपी के फरार होने और सबूतों से छेड़छाड़ करने का जोखिम है। जस्टिस मिताली ठाकुरिया की एकल पीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत देने से इनकार कर दिया। इससे पहले 30 अप्रैल को विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट भी महंता की जमानत याचिका खारिज कर चुकी थी। उस समय भी अदालत ने उन्हें फरार होने का जोखिम वाला आरोपी माना था। श्यामकनु महंता, असम के पूर्व DGP और राज्य सूचना आयोग के पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त भास्कर ज्योति महंता के छोटे भाई हैं। वहीं, गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति नानी गोपाल महंता, जो मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के शिक्षा सलाहकार भी रह चुके हैं, उनके बड़े भाई हैं। इस मामले में 26 मई को विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट की जज शर्मिला भुइयां ने जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे। असम के प्रसिद्ध संगीतकार जुबीन गर्ग की 19 सितंबर पिछले वर्ष सिंगापुर में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह समुद्र में तैराकी के दौरान मृत पाए गए थे। जुबीन गर्ग नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (NEIF) के चौथे संस्करण में शामिल होने के लिए सिंगापुर गए थे। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली हाईकोर्ट में अभिजीत दीपके की याचिका पर सुनवाई, बेंच बोली- कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट तुरंत रीस्टोर नहीं होगा दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके की याचिका पर सुनवाई की। जस्टिस पुरुषैन्द्र कुमार कौरव ने खाते को तुरंत बहाल करने का आदेश देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि इस मामले के दूरगामी परिणाम होने के कारण वह सरकार की बात सुनने के बाद ही कोई कदम उठाएगा। मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को होगी। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन का टिन शेड गिरा:टीटीई और 2 यात्री गंभीर रूप से घायल लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड गिर गया। इसमें एक टीटीई और 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टीटीई का नाम भूपेंद्र है। वहीं, यात्री अभिषेक और साहिल घायल हैं। RPF रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। घायल तीनों यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर… सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व IPS प्रदीप शर्मा की याचिका खारिज की सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व IPS प्रदीप रामेश्वर शर्मा की याचिका खारिज कर दी। याचिका में शर्मा ने एंटीलिया बम कांड और कारोबारी मनसुख हिरेन हत्या मामले में खुद को आरोपमुक्त किए जाने की मांग की थी। कोर्ट ने कहा कि इस मामले से नाम हटाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। वहीं, जमानत या अग्रिम जमानत पर विचार किया जा सकता है। शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वझे के साथ मिलकर मनसुख हिरेन की हत्या की साजिश में भूमिका निभाई थी। इससे पहले भी मार्च 2026 में बॅाम्बे हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। पुणे में जहरीली शराब पीने से 13 की मौत, सबसे ज्यादा 8 मौतें पिंपरी चिंचवाड़ में, मुख्य आरोपी गिरफ्तार पुणे में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 8 मौतें पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में हुई हैं, कई की हालत गंभीर है। पिंपरी-चिंचवड के दापोड़ी और फुगेवाड़ी क्षेत्रों में 8 और पुणे के काले पाडल और हडपसर इलाकों में 5 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मामले में आदतन शराब तस्कर योगेश वानखेड़े को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अवैध रूप से बनाई गई जहरीली शराब पुणे और पिंपरी-चिंचवड के कई इलाकों में बेची थी। मृतकों में कई लोगों की मौत से पहले चक्कर आने और मुंह से झाग निकलने जैसे लक्षण सामने आए थे। TMC के राष्ट्रीय प्रवक्ता शांतनु सेन का इस्तीफा, कहा- जनता कुछ फैसलों के खिलाफ थी फिर भी पार्टी का बचाव किया TMC के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व राज्यसभा सांसद शांतनु सेन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह 4 मई के चुनावी नतीजों और जनता की भावना को बताया। इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरुवार को शांतनु सेन ने कहा कि वह शुरुआत से ही टीएमसी के साथ जुड़े रहे हैं और पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी दी, उसे निभाने की कोशिश की। कई बार उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी का बचाव करना पड़ा, जब जनता इसके पक्ष में नहीं थी। मणिपुर में तीन साल बाद किसी गांव का पुनर्वास, बफर जोन में ग्रामीणों की वापसी मणिपुर में 3 मई 2023 से शुरू हुए विस्थापन के बाद पहली बार किसी कूकी-जो गांव का पुनर्वास हुआ है। बफर जोन में स्थित खोडांग गांव में गुरुवार को ग्रामीणों की आधिकारिक वापसी हुई। यह गांव चुराचांदपुर, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों की सीमा के पास है। यह गांव 28 मई 2023 से खाली पड़ा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हथियारबंद मैतेई समूह अरंबाई तेंगगोल के कथित हमले के बाद ग्रामीणों को भागना पड़ा था। हिंसा के बाद 40 से ज्यादा घरों में से ज्यादातर जला दिए गए थे। करीब 8 घर ही बचे थे। इसके बाद गांव वीरान रहा। गांव प्रमुख जैमिनलियन हाओकिप ने कहा कि अब लोग फिर से अपनी सामान्य आजीविका से जुड़े काम कर पाएंगे। बेंगलुरू से दिल्ली आ रहा चार्टर विमान भारी बारिश की वजह से जयपुर डायवर्ट, सिद्धारमैया समेत 6 कांग्रेस नेता सवार थे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के चार्टर्ड विमान को गुरुवार शाम दिल्ली में भारी बारिश के कारण जयपुर डायवर्ट (मोड़ना) करना पड़ा। सिद्धारमैया कांग्रेस के पांच अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ चार्टर्ड ‘एम्ब्रेयर’ विमान से बेंगलुरु के एचएएल (HAL) एयरपोर्ट से दिल्ली जा रहे थे। लेकिन इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने से वीआईपी मूवमेंट रुक गया। इसके बाद जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की बिल्कुल सुरक्षित लैंडिंग हुई। हालांकि, डायवर्ट होने के तीन घंटे बाद तक भी इस विमान ने दिल्ली के लिए दोबारा उड़ान नहीं भरी थी। हरियाणा के नूह में बकरीद के दौरान हिंसा, 12 घायल हरियाणा के नूह जिले में बकरीद (ईद-उल-अजहा) की नमाज के बाद दो गांवों के प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव विवाद झगड़े की वजह बने। बिछौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। सभी घायलों को पुन्हाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जनजाति सुरक्षा मंच के प्रतिनिधिमंडल की प्रधानमंत्री से मुलाकात, आदिवासी समुदायों के सशक्तिकरण पर चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुरुवार को दिल्ली जनजाति सुरक्षा मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान आदिवासी समुदायों के विकास और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हिंदी में पोस्ट कर कहा कि उन्हें जनजाति सुरक्षा मंच के प्रतिनिधियों से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने लिखा- उनकी जनजातीय समाज के प्रति समर्पण भावना अत्यंत प्रशंसनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version