दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने यूएपीए मामले में जेल में बंद उमर खालिद को राहत देते हुए उनके परिवार से सप्ताह में दो बार वीडियो मुलाकात (ई-मुलाकात) की अनुमति बहाल कर दी है। अदालत ने उमर खालिद की ओर से दायर उस याचिका को स्वीकार किया, जिसमें परिवार के साथ सप्ताह में दो वीडियो मुलाकात की सुविधा दोबारा शुरू करने की मांग की गई थी। कोर्ट ने आवेदन पर विचार करने के बाद दो वीडियो मुलाकात की सुविधा बहाल करने का आदेश दिया। इसके बाद उमर खालिद अब जेल से अपने परिवार के सदस्यों से सप्ताह में दो बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात कर सकेंगे। फिलहाल अदालत ने अपने आदेश में केवल वीडियो मुलाकात की सुविधा बहाल करने की अनुमति दी है। मामले में अन्य कानूनी कार्यवाही पूर्ववत जारी रहेगी। आज की अन्य बड़ी खबरें… पाकिस्तानी शरणार्थियों की जमीन का मालिकाना हक और वन-टाइम सेटलमेंट की मांग, 902 परिवारों का मामला जम्मू में बुधवार को पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थी समुदाय के प्रतिनिधियों ने सरकार से जमीन के मालिकाना हक और वन-टाइम सेटलमेंट के लाभ जल्द जारी करने की मांग की। समुदाय का कहना है कि अब भी सैकड़ों पात्र परिवार सरकारी राहत से वंचित हैं। जम्मू में आयोजित एक बैठक में वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजीज के चेयरपर्सन लभा राम गांधी ने कहा कि कठुआ जिले के 902 पंजीकृत शरणार्थी परिवारों को अब तक उन्हें आवंटित जमीन का मालिकाना हक नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि आवंटित जमीन और कस्टोडियन संपत्तियों के कानूनी स्वामित्व संबंधी दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को लंबे समय से लंबित राहत मिल सके। लभा राम गांधी ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से जुड़े हालिया घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए जम्मू-कश्मीर की जनसांख्यिकी पर संभावित प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने सरकार से शरणार्थी परिवारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। 3 साल की बच्ची से रेप केस में दिल्ली हाईकोर्ट ने महिला टीचर की जमानत रद्द की, 3 दिन में सरेंडर का आदेश दिल्ली हाईकोर्ट ने पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक निजी स्कूल में तीन वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म के मामले में आरोपी महिला शिक्षक को मिली जमानत रद्द कर दी है। अदालत ने महिला शिक्षक को तीन दिन के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति सौरभ बनर्जी ने बुधवार को दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें ट्रायल कोर्ट द्वारा 20 मई को महिला शिक्षक को दी गई जमानत को चुनौती दी गई थी। मामला पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत दर्ज है। इससे पहले 29 जून को दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले के मुख्य आरोपी, स्कूल के केयरटेकर, को मिली जमानत भी रद्द कर दी थी। अदालत ने उसे 1 जुलाई तक सरेंडर करने का आदेश दिया था। यह मामला जनकपुरी स्थित एक निजी स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म से जुड़ा है, जिसमें स्कूल के एक कर्मचारी पर रेप का आरोप है। मामले की जांच पॉक्सो एक्ट के तहत की जा रही है। तमिलनाडु के नागरकोइल जेल में कैदी की मौत, 3 वार्डन गिरफ्तार; CCTV और जांच में मारपीट के सबूत मिले तमिलनाडु के नागरकोइल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद 35 वर्षीय आरोपी साबरी वर्मन की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच टीम (SIT) की जांच में जेल कर्मचारियों द्वारा मारपीट के सबूत मिलने के बाद तीन वार्डनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, वैज्ञानिक और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, ईथंकाडु गांव के रहने वाले साबरी वर्मन को 9 जुलाई को प्रतिबंधित गुटखा रखने और बेचने के आरोप में एसटी कुलम पुलिस ने गिरफ्तार किया था। न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले उसका अनिवार्य मेडिकल परीक्षण हुआ था, जिसमें डॉक्टरों ने उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया था और शरीर पर कोई चोट नहीं पाई गई थी। मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के दौरान भी उन्होंने किसी तरह की प्रताड़ना की शिकायत नहीं की थी। हालांकि, 13 जुलाई को जेल प्रशासन ने वर्मन की मौत की पुष्टि की। हिरासत में मौत होने के कारण नियमानुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जांच (इनक्वेस्ट) की और असरिपल्लम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ पोस्टमॉर्टम किया। ED की चेन्नई में फॉरेन करंसी रैकेट के खिलाफ छापेमारी, 1 करोड़ डॉलर के साथ पकड़ा गया था विदेशी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा की अवैध नकद सप्लाई से जुड़े रैकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को चेन्नई में कई ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत की जा रही है। जांच एजेंसियों ने पिछले सप्ताह चेन्नई में सेनेगल के एक नागरिक को लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य के अमेरिकी डॉलर के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि विदेश से संचालित एक नेटवर्क के जरिए चेन्नई की कुछ स्थानीय संस्थाओं को नियमित रूप से विदेशी मुद्रा नकद में पहुंचाई जाती थी। इसी जानकारी के आधार पर ED ने कम से कम तीन ऐसे संस्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है, जिन पर विदेशियों से नकद विदेशी मुद्रा प्राप्त करने का आरोप है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल छापेमारी जारी है और दस्तावेजों व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी। बॉम्बे हाईकोर्ट बोला- इंदौर सबसे साफ शहर का दर्जा पा सकता है, तो मुंबई क्यों नहीं अगर इंदौर सबसे साफ शहर का दर्जा पा सकता है, तो मुंबई सफाई के मामले में वैसी कामयाबी क्यों नहीं हासिल कर सकती? बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को यह सवाल उठाया और कहा कि नगर निकाय के अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे सुनिश्चित करें कि सार्वजनिक सड़कें कचरा-मुक्त हों। जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस आरती साठे की बेंच ने कहा कि स्थानीय नगर निकाय और नागरिकों, दोनों की तरफ से इच्छाशक्ति की कमी है, और इसीलिए मुंबई को सड़कों पर पड़े कचरे की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिससे मॉनसून के दौरान जलभराव और स्वास्थ्य संबंधी अन्य खतरे पैदा होते हैं। कोर्ट ने यह टिप्पणी उपनगरीय कांजुरमार्ग में डंपिंग ग्राउंड के आस-पास रहने वाले लोगों के लिए प्रदूषण, लगातार बदबू, गैस उत्सर्जन और स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर दायर कई याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान की। भारतीय मूल के NASA अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे भारतीय मूल के नासा (NASA) के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन और रूस के दो कॉस्मोनॉट प्योत्र डुब्रोव और अन्ना किकीना अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचे। तीनों ने Soyuz MS-29 अंतरिक्ष यान से करीब साढ़े तीन घंटे की यात्रा करने के बाद बुधवार सुबह ISS पर डॉकिंग की। इससे पहले मंगलवार रात 8:17 बजे (IST) कजाखस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से Soyuz MS-29 का सफल प्रक्षेपण किया गया था। NCP नेता सुप्रिया सुले बोलीं- हमारी पार्टी INDI एलायंस के साथ, परिसीमन बिल पर कहा- बिल को पूरा देखेंगी फिर समर्थन का फैसला
NCP सुप्रीमो शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने बुधवार को संकेत दिया कि अगर सरकार राज्यों में लोकसभा और विधानसभा सीटों को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए कोई बड़ा संशोधन लाती है, तो NCP (SP) इस बिल का समर्थन कर सकती है। सुले ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “50 प्रतिशत वाली शर्त लिखित में दें, फिर हम चर्चा करेंगे। सुप्रिया सुले ने NDA में शामिल होने की संभावना को खारिज किया,और कहा कि उनकी पार्टी INDI एलायंस के साथ है। AI-171 हादसा, AAIB बोला- जांच का अधिकार सिर्फ हमें, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग सार्वजनिक नहीं की जा सकती एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे की जांच कर रहे एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग (CVR) और जांच से जुड़ी दूसरी गोपनीय सामग्री सार्वजनिक नहीं की जा सकती। ब्यूरो ने कहा कि मौजूदा कानून इसके खुलासे की अनुमति नहीं देता। एजेंसी के मुताबिक अंतिम जांच रिपोर्ट अक्टूबर 2026 तक सौंपे जाने की उम्मीद है। हादसे में मारे गए पायलट के पिता पुष्कर राज सभरवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में जवाब देते हुए AAIB ने कहा, हादसे की गंभीरता, बड़े पैमाने और कई देशों से जुड़े होने के कारण जांच में अधिक समय लग रहा है।AAIB ने अपने जवाब में कहा कि विमान हादसों की जांच का अधिकार सिर्फ उसके पास है। ऐसे मामलों में समानांतर जांच की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं है। AAIB ने कोर्ट से दायर याचिका खारिज करने की मांग की। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़, गोला-बारूद बरामद जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। इस दौरान वहां से मशीनगन के पुराने और जंग लगे कारतूस बरामद किए गए। पुंछ पुलिस के अनुसार बरामदगी के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। नासिक में दो ट्रक और कार की टक्कर; 4 की मौत, एक गंभीर घायल महाराष्ट्र के नासिक जिले में मंगलवार शाम भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नासिक-पेठ रोड पर पेठ-दिंडोरी सीमा के पास सवला घाट में हुआ। पुलिस के मुताबिक, गुजरात नंबर की मारुति ईको कार सप्तशृंगी गढ़ से सिलवासा जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार आगे चल रहे दूसरे ट्रक से भी भिड़ गई। हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए। इनमें से एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरे घायल का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अहमदाबाद विमान हादसा: अक्टूबर तक आएगी जांच रिपोर्ट का ड्राफ्ट एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि जून 2025 में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया AI-171 विमान हादसे की जांच रिपोर्ट का ड्राफ्ट अक्टूबर 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी। AAIB ने अदालत को जांच की प्रगति से अवगत कराते हुए यह जानकारी दी। एआई से बने विज्ञापनों पर भी लगाना होगा टैग, विज्ञापन काउंसिल ने बनाया नियमों का मसौदा देश में पहली बार एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार होने वाले विज्ञापनों के लिए अलग नियम की तैयारी शुरू हो गई है। विज्ञापन नियामक संस्था एडवरटाइजिंग स्टैंडर्ड्स काउंसिल ऑफ इंडिया (ASCI) ने इसका मसौदा जारी किया है। इसके अनुसार, किसी विज्ञापन में एआई की मदद से किसी सेलिब्रिटी की आवाज या चेहरा बनाया गया है, प्रोडक्ट का डेमो तैयार किया गया है, वर्चुअल इन्फ्लुएंसर दिखाया गया है या ऐसा दृश्य है जो उपभोक्ता के खरीदी के फैसले पर असर डाल सकता है, तो उस पर साफ तौर पर बताना होगा कि यह एआई से बनाया गया है। हालांकि, केवल टैग लगा देना हर मामले में पर्याप्त नहीं होगा। फर्जी डॉक्टर, नकली प्रशंसापत्र (टेस्टिमोनियल), बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए नतीजे या बिना अनुमति किसी व्यक्ति की आवाज और चेहरा इस्तेमाल करने वाले एआई विज्ञापनों को सीधे खारिज किया जाएगा। इससे पहले केंद्र सरकार सोशल मीडिया पर डीपफेक और एआई कंटेंट की पहचान तथा शिकायत मिलने के तीन घंटे के भीतर उसे हटाने के नियम बना चुकी है। अब एआई से तैयार विज्ञापनों के लिए दिशा-निर्देश लाए जा रहे हैं। इससे यह तय होगा कि कौन-से विज्ञापन टैग से चल सकेंगे और किन पर रोक लगेगी।
भास्कर अपडेट्स:दिल्ली कोर्ट ने उमर खालिद जेल से परिवार से हफ्ते में 2 बार वीडियो मुलाकात की अनुमति दी
