भास्कर अपडेट्स:SIT ने सबरीमाला गोल्ड चोरी मामले में पूर्व TDB अध्यक्ष और बोर्ड सदस्य को गिरफ्तार किया

सबरीमाला मंदिर के कथित सोना गायब होने के मामले में एसआईटी ने गुरुवार को पूर्व टीडीपी अध्यक्ष पी. एस. प्रसांत और बोर्ड सदस्य ए. अजिकुमार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक दोनों को उनके घरों से हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद कोल्लम पुलिस क्लब में उनकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की गई। SIT सबरिमाला मंदिर के श्रीकोविल (गर्भगृह) के द्वारपालक प्रतिमाओं और दरवाजों के फ्रेम से कथित तौर पर सोना गायब होने के दो मामलों की जांच कर रही है। यह सोना 2019 में इलेक्ट्रोप्लेटिंग के लिए भेजा गया था। एजेंसी के मुताबिक इन्हीं मामलों में कार्रवाई की गई है। इसी बीच, SIT ने हाल ही में केरल हाईकोर्ट को बताया था कि वह 2025 में हुई एक अन्य इलेक्ट्रोप्लेटिंग प्रक्रिया की भी जांच कर रही है। उस समय पी. एस. प्रसांत TDB के अध्यक्ष थे। आज की अन्य बड़ी खबरें… RSS नेता श्रीनिवासन हत्याकांड का एक और आरोपी को गिरफ्तार, अब तक 67 पकड़ाए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने केरल में RSS नेता श्रीनिवासन हत्याकांड में फरार चल रहे एक और प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के मुताबिक, प्रतिबंधित संगठन PFI का पूर्व पलक्कड़ जिला अध्यक्ष मोहम्मद अली KP को सऊदी अरब के रियाद से लौटने पर नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक कुल 67 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि मोहम्मदअली ने हत्या की साजिश में अहम भूमिका निभाई थी। उसने 16 अप्रैल 2022 को RSS नेता श्रीनिवासन की हत्या करने वाले हमलावरों को पनाह भी दी थी। नागपुर में H1N1 वायरस से संक्रमित व्यक्ति की मौत, 2026 में देश का पहला मामला, स्वाइन फ्लू के केस बढ़े नागपुर में इस साल स्वाइन फ्लू से पहली मौत की पुष्टि हो गई है। वहीं जुलाई में स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से बढोतरी हुई है। अधिकारी ज्यादा जोखिम वाले मरीजों से अपील कर रहे हैं कि फ्लू जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और जल्द से जल्द हॉस्पिटल पहुंचें। स्वाइन फ्लू के सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, शरीर में दर्द, थकान और गंभीर मामलों में सांस लेने में कठिनाई शामिल हैं। TMC सासंद महुआ मोइत्रा की कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका, अपने ऊपर अंडे फेंके जाने के खिलाफ सुरक्षा मांगी कलकत्ता हाईकोर्ट ने TMC सांसद महुआ मोइत्रा की याचिका पर 29 जुलाई को सुनवाई करने तैयार हो गया है। याचिका में महुआ ने उन पर अंडे फेंके जाने से सुरक्षा की मांग की है। महुआ का दावा है कि वे जहां भी जाती हैं, उन पर अंडे फेंके जा रहे हैं। मोइत्रा के वकील कल्याण बनर्जी ने पुलिस को निर्देश देने की मांग की ताकि कृष्णानगर की सांसद की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और उन्हें अपमानित होने से बचाया जा सके। बनर्जी ने दावा किया कि जानकारी दिए जाने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और इस वजह से मोइत्रा सांसद के तौर पर अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर पा रही हैं। अनंतनाग में 2 लश्कर आतंकियों के घर पर बुलडोजर चला, पुलिसकर्मी की हत्या के अगले दिन प्रशासन की कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में प्रशासन ने गुरुवार को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकियों के घर ढहा दिए। यह कार्रवाई लाल चौक में पुलिसकर्मी आशिक हुसैन की हत्या के एक दिन बाद की गई। अधिकारियों के मुताबिक, जिन आतंकियों के मकान गिराए गए उनमें बिजबेहड़ा के गुरी गांव निवासी आदिल ठोकर और हसनपोरा निवासी हारून गनई शामिल हैं। दोनों के घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में आतंकियों और उनके सहयोगी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों के मददगारों और उनके ठिकानों पर भी लगातार कार्रवाई कर रही हैं। नीट समेत 270 प्रतियोगी परीक्षाएं कराने वाले एनटीए ने 5 साल में ₹520 करोड़ कमाए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बीते 5 साल में 270 प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की हैं। एजेंसी ने इनसे 520 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा कमाया है। संसद में पूछे गए एक सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन परीक्षाओं में 6.6 करोड़ छात्र बैठे और उन्होंने इसके लिए 3,545 करोड़ रुपए फीस अदा की। जबकि इनके आयोजन पर एनटीए ने 3,025 करोड़ रु. ही खर्च किए। एनटीए ने इस साल 3 मई को 565 शहरों के 5432 सेंटर्स पर 13 भाषाओं में नीट यूजी-2026 परीक्षा आयोजित की। नीट पेपर लीक होने के बाद 21 जून को री-नीट यूजी 21 जून को आयोजित हुआ और 16 जुलाई को नतीजा घोषित हुआ, यह परीक्षा 20 लाख छात्रों ने दी। देश की 1,36,939 मेडिकल सीटों के लिए इस बार एनटीए ने 11.21 छात्रों को क्वालिफाई घोषित किया। एनटीए की स्थापना 2018 में हुई थी। मुंबई में बिना परमिशन के प्रदर्शन करने पर 5 दिन में 13 FIR; 400 लोगों पर एक्शन मुंबई पुलिस ने 18 से 22 जुलाई के बीच बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में 13 एफआईआर दर्ज कर करीब 400 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में नोटिस देकर लोगों को छोड़ दिया गया। दिल्ली में CJP के छात्र आंदोलन के समर्थन में मुंबई के शिवाजी पार्क, चैत्यभूमि, चेंबूर और शिवसेना भवन समेत कई जगह प्रदर्शन हुए। पुलिस का कहना है कि इन प्रदर्शनों की अनुमति नहीं ली गई थी। सिक्किम टनल हादसा: 22 शव बरामद, बचाव अभियान जारी सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी की निर्माणाधीन सुरंग ढहने के बाद चल रहा खोज और बचाव अभियान गुरुवार को भी जारी है। प्रशासन के अनुसार, अब तक सुरंग से 22 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बुधवार रात ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की दूसरी रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंचकर अभियान में शामिल हो गई। विशेषज्ञ बचाव दल बाकी लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। राज्य सरकार, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *