दिल्ली के तिलक नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिबपुरा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रबंधकों की कथित लापरवाही को लेकर दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को 21 नवंबर को सुबह 11 बजे श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया है। साथ ही उन्होंने बेअदबी की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी को सख्त सजा देने की बात कही है। इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब ने तुरंत संज्ञान लेते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दिल्ली सिख मिशन के माध्यम से घटना की रिपोर्ट हासिल की। इसके अलावा दिल्ली की सिख संगत की ओर से भी शिकायतें प्राप्त हुईं। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद गुरुद्वारा प्रबंधकों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और सुरक्षा व्यवस्था में भी बड़ी लापरवाही बरती। इसी कारण सिख संगत में भारी रोष पाया जा रहा है। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य रमिंदर सिंह और बीबी रणजीत कौर सहित गुरुद्वारा साहिब की पांच सदस्यीय कमेटी के सदस्यों प्रेम सिंह, मनमोहन सिंह, सरूप सिंह, हरबीर सिंह और सुखदेव सिंह समेत पूरी प्रबंधक कमेटी को तलब किया है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को 21 नवंबर को किया तलब सभी को 21 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने के आदेश जारी किए गए हैं। जत्थेदार ने कहा कि पिछले लंबे समय से जानबूझकर बेअदबी की घटनाएं की जा रही हैं। दिल्ली के तिलक नगर में हुई यह घटना भी उसी कड़ी का हिस्सा प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि दोषी की मंशा और इस घटना के पीछे काम कर रही ताकतों का पर्दाफाश होना बेहद जरूरी है। उन्होंने देश-विदेश की सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों को निर्देश दिया कि गुरुद्वारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और हर समय पहरेदारी सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले प्रबंधकों के खिलाफ श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। 15 नवंबर को हुई थी बेअदबी की घटना, 17 नवंबर को दोबारा दिखा आरोपी जत्थेदार के अनुसार, बेअदबी की घटना 15 नवंबर को हुई थी, लेकिन प्रबंधकों ने 17 नवंबर तक इस मामले को दबाने की कोशिश की और इसकी जानकारी श्री अकाल तख्त साहिब तथा संगत को नहीं दी। बताया गया कि 17 नवंबर को वही व्यक्ति दोबारा गुरुद्वारा साहिब के नजदीक घूमता दिखाई दिया। इसके बाद ग्रंथी सिंह और सेवादारों ने उसे पकड़कर शोर मचाया, जिसके बाद संगत एकत्रित हुई। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है। हालांकि, जत्थेदार ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में गुरुद्वारा प्रबंधकों की लापरवाही भी गंभीर है और इसी के चलते उन्हें श्री अकाल तख्त साहिब में जवाब देने के लिए तलब किया गया है।
दिल्ली गुरुद्वारा बेअदबी मामला:श्री अकाल तख्त साहिब ने प्रबंधक कमेटी को 21 नवंबर को तलब किया, लापरवाही पर मांगा लिखित जवाब
