भास्कर अपडेट्स:पश्चिम बंगाल की 400 कैंटीनों में 5 रुपए में मिलेगा मछली-भात

पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कई नई जनकल्याण योजनाओं का ऐलान किया गया। राज्य में 400 कैंटीनों में लोगों को 5 रुपए में मछली-भात का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं को हर महीने 3000 रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की गई। सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्यभर में विशेष कैंटीन शुरू किए जाएंगे, जहां 5 रुपए में फिश-राइस मील मिलेगा। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3000 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस योजना के आवेदन फॉर्म 27 मई से जारी किए जाएंगे। अधिकारी ने यह भी कहा कि राज्य में स्कूलों, कॉलेजों और धार्मिक स्थलों के आसपास शराब की दुकानों पर नए प्रतिबंध लगाए जाएंगे। हालांकि, इन प्रतिबंधों का पूरा स्वरूप अभी सामने नहीं आया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… कर्नाटक के बेलगावी में बाइक और रिक्शा की टक्कर, 9 महीने के बच्चे समेत 3 मौत; एक बच्चा घायल कर्नाटक के बेलगावी में मंगलवार को सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 9 महीने का बच्चा भी शामिल है। टक्कर बाइक और मिनी गुड्स रिक्शा के बीच हुई। घटना में एक बच्चा घायल हुआ है। पुलिस ने बताया कि हादसा रायबाग रेलवे स्टेशन रोड के पास हुआ। मीरवाइज उमर फारूक ने हाउस अरेस्ट का दावा किया कश्मीर के प्रमुख धार्मिक नेता मीरवाइज उमर फारूक ने मंगलवार को दावा किया कि उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया। उनका कहना है कि प्रशासन ने उन्हें बडगाम के पीड़ित परिवार से मिलने की इजाजत नहीं दी, जिनकी 12 साल की बेटी की रेप के बाद हत्या की गई थी। PTI के मुताबिक, फारूक ने कहा कि वह बडगाम जाकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहते हैं। उनकी हर यात्रा के लिए पहले से प्रशासन की अनुमति जरूरी होती है, लेकिन इस बार उन्हें इजाजत नहीं दी गई। यह हैरानी की बात है कि शोक और संवेदना जताने जैसे सामान्य मानवीय कदम से भी शासकों और उनके शांति और सामान्य स्थिति के नैरेटिव को खतरा महसूस होता है। हाईकोर्ट ने सांसद शेख अब्दुल राशिद को अंतरिम जमानत दी दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को बारामूला सांसद शेख अब्दुल राशिद उर्फ इंजीनियर राशिद को अंतरिम जमानत दी। राशिद को यह राहत 25 जून से 30 जून तक पिता के निधन के बाद होने वाली रस्मों में शामिल होने के लिए दी गई है। 18 मई को पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दी गई अंतरिम जमानत 2 जून को समाप्त होने पर राशिद को आत्मसमर्पण करना होगा। इसके बाद वे 25 जून से 30 जून तक दोबारा रिहा हो सकेंगे। 18 मई को हाईकोर्ट ने राशिद को अंतरिम जमानत देते हुए कई शर्तें लगाई थीं। अदालत ने कहा था कि यात्रा के दौरान उनके साथ सादे कपड़ों में कम से कम दो पुलिसकर्मी रहेंगे। उन्हें केवल कब्रिस्तान या धार्मिक स्थल जाने की अनुमति होगी और वह अपने घर के अलावा कहीं और नहीं जा सकेंगे। ये सभी शर्तें अंतरिम जमानत अवधि के दौरान लागू रहेंगी। तमिलनाडु में AIADMK के चौथे विधायक ने इस्तीफा दिया, स्पीकर ने मंजूर किया AIADMK विधायक एसाक्की सुबैया ने मंगलवार को सचिवालय में तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर से मुलाकात कर अपने विधायक पद से इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही वह पिछले दो दिनों में इस्तीफा देने वाले पार्टी के चौथे विधायक बन गए हैं। उन्होंने 13 मई को विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट के दौरान TVK सरकार के पक्ष में वोट किया था। इससे पहले सोमवार को पार्टी के तीन बागी विधायकों ने सोमवार को इस्तीफा दिया था। इस्तीफा देने वाले विधायकों में मरगथम कुमारवेल, पी. सत्यभामा और एस. जयकुमार शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें केरलम के CM सतीशन ने PM मोदी से मुलाकात की केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF की जीत के बाद, पद संभालने के बाद सीएम सतीशन पीएम मोदी से मिलने दिल्ली पहुंचे। सतीशन ने बताया कि उन्होंने PM के साथ केरल से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की और राज्य के भविष्य के विकास के लिए केंद्र सरकार से हर संभव मदद और सहयोग का अनुरोध किया। मुलाकात के दौरान, मुख्यमंत्री सतीशन ने मोदी को कथकली नर्तक की एक प्रतिमा दी, जो केरल के शास्त्रीय नृत्य-नाट्य का प्रतीक है। वहीं, तमिलनाडु के सीएम सी. जोसेफ विजय कल दिल्ली दौरे पर जा सकते है। इस दौरान उनकी मुलाकात PM मोदी से हो सकती है। इसके अलावा, उनके कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी मुलाकात करने की संभावना है। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर 18 जून को वोटिंग: पूर्व CM नीतीश कुमार की सीट पर भी होगा उपचुनाव बिहार विधान परिषद की खाली हो रही 9 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा हो गई है। इन सीटों के लिए 18 जून को वोटिंग होगी। इस दिन ही मतगणना होगी और रिजल्ट आएगा। पूर्व सीएम नीतीश कुमार की सीट पर भी उपचुनाव होगा। चुनाव की अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। यह चुनाव विधान परिषद के लिए हो रहा है, इसलिए इसमें आम जनता मतदान नहीं करेगी। इन सीटों के लिए बिहार विधानसभा के निर्वाचित विधायक वोट डालेंगे। पूरी खबर पढ़ें जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ड्रग तस्कर की 1.25 करोड़ की संपत्ति जब्त की जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को कठुआ जिले में एक ड्रग तस्कर की करीब 1.25 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति जब्त की। जब्त की गई संपत्ति में दुकानें और ढाबा शामिल हैं। यह संपत्ति सुदेश मेहता की बताई जा रही है। यह कार्रवाई NDPS एक्ट के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि यह संपत्ति नशीले पदार्थों की तस्करी से कमाए गए पैसों से खरीदी गई थी। पुलिस टीम ने राजस्व, लोक निर्माण विभाग (PWD) और सड़क एवं भवन (RB) विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में संपत्ति को औपचारिक रूप से जब्त किया। तकनीकी खराबी के बाद गुलमर्ग गोंडोला 2 दिन के लिए बंद, जांच के आदेश जारी; एक दिन पहले 300 यात्री हवा में अटके रहे उत्तरी कश्मीर के बारामूला में गुलमर्ग गोंडोला सर्विस सोमवार को हुई एक बड़ी तकनीकी खराबी के बाद दो दिन के लिए बंद रहेगी। इस खराबी के कारण सैकड़ों पर्यटक घंटों तक हवा में ही फंसे रह गए थे। गोंडोला सर्विस 26 और 27 मई को मेंटेनेन्स और सुरक्षा जांच के लिए बंद रहेगी। 25, 26 और 27 मई के लिए बुक किए गए सभी टिकटों का पूरा रिफंड दिया जाएगा। सोमवार दोपहर करीब 1:20 बजे एक तकनीकी खराबी के कारण केबल कार सेवा रुक गई थी। इसके बाद इसमें फंसे 300 पर्यटकों का रेस्क्यू किया गया। बीजू जनता दल के पूर्व सांसद देबाशीष सामंतराय BJP में शामिल हुए बीजू जनता दल (BJD) के पूर्व राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय मंगलवार को BJP में शामिल हो गए। उन्होंने सोमवार को पार्टी और राज्यसभा दोनों से इस्तीफा दे दिया था। सामंतराय लंबे समय तक BJD प्रमुख और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी माने जाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में उन्हें नजरअंदाज और अपमानित किया जा रहा था। विवादों के लिए अलग लीगल पोर्टल बनाएगा खेल मंत्रालय; NSB, NST के नियम जारी खेल मंत्रालय ने मंगलवार को नेशनल स्पोर्ट्स बोर्ड (NSB) और नेशनल स्पोर्ट्स ट्रिब्यूनल (NST) के नियम जारी किए। इसके लिए अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी कर दोनों संस्थाओं के काम और जिम्मेदारियां तय की गईं। मंत्रालय ने बताया कि कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में सर्च-कम-सिलेक्शन कमेटी बनाई जा रही है। यह कमेटी इन संस्थाओं के चेयरपर्सन और सदस्यों की नियुक्ति करेगी। नेशनल स्पोर्ट्स बोर्ड देश के नेशनल खेल महासंघों को मान्यता देगा। साथ ही उनके कामकाज, पैसों के इस्तेमाल और नियमों की निगरानी भी करेगा। इसमें एक चेयरपर्सन और दो सदस्य होंगे। बोर्ड का कार्यकाल तीन साल का रहेगा। वहीं, नेशनल स्पोर्ट्स ट्रिब्यूनल खेल से जुड़े विवादों को सुलझाने के लिए विशेष न्यायिक संस्था के तौर पर काम करेगा। हालांकि सरकार ने अभी इसमें सदस्यों की संख्या तय नहीं की है। खेल विवादों की सुनवाई और कानूनी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए एक अलग डिजिटल लीगल पोर्टल भी बनाया जाएगा। नीलम मीणा बनीं पश्चिम बंगाल की नई मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने 1998 बैच की IAS अधिकारी नीलम मीणा को पश्चिम बंगाल का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पूर्व CEO मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का मुख्य सचिव बनाए जाने के बाद की गई। इससे पहले वह प्रिंसिपल सेक्रेटरी, डायरेक्टर, सेक्रेटरी, डिप्टी चेयरमैन, प्राइवेट सेक्रेटरी, जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट, जॉइंट सेक्रेटरी, चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त निदेशक समेत कई पदों पर काम कर चुकी हैं। तमिलनाडु- विजय ने छोटे किसानों का ₹50 हजार तक का लोन माफ किया, 14.22 लाख को फायदा होगा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने छोटे किसानों के लिए कोऑपरेटिव बैंकों से लिए गए 50,000 रुपए तक के फसल लोन माफ करने का ऐलान किया है। वहीं बड़े किसानों को भी लोन पर 5,000 रुपए तक की राहत दी जाएगी। सरकार के मुताबिक इस योजना से करीब 14.22 लाख किसानों को फायदा होगा और राज्य सरकार पर 2,044 करोड़ रुपए से ज्यादा का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह फैसला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद लिया गया। 60 हजार तक के लोन पर 40 हजार रुपए, 70 हजार तक पर 30 हजार रुपए, 80 हजार तक पर 20 हजार रुपए और 1 लाख तक के लोन पर 10 हजार रुपए की राहत मिलेगी। 1 लाख रुपए से ज्यादा के लोन वालों को 5,000 रुपए की छूट दी जाएगी। महिला आरक्षण प्रदर्शन मामले में कांग्रेस की अलका लांबा दोषी करार, 4 जून को सजा का ऐलान होगा दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने महिला आरक्षण से जुड़े विरोध प्रदर्शन मामले में कांग्रेस की पूर्व विधायक अलका लांबा को दोषी करार दिया है। यह मामला साल 2024 में जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन से संबंधित है। अदालत ने सजा पर सुनवाई के लिए 4 जून की तारीख निर्धारित की है। पुलिस ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शन बिना अनुमति आयोजित किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। इसी मामले में अलका लांबा समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि अदालत ने किन धाराओं में दोषसिद्धि की है और उन्हें कितनी सजा सुनाई जा सकती है। वहीं, लांबा ने कहा, मैं सजा से डरने वाली नहीं हूं। महिला सुरक्षा का मुद्दा पूरे देश से जुड़ा हुआ है और मैं आगे भी आवाज उठाती रहूंगी। दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मामले में केजरीवाल, सिसोदिया और दुर्गेश सुनवाई को तैयार हुए दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया और आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक अब अदालत की सुनवाई में शामिल होने के लिए तैयार हो गए हैं। मामले की सुनवाई पहले जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच के समक्ष चल रही थी, लेकिन उनके हटने के बाद अब यह मामला जस्टिस मनोज जैन की बेंच में स्थानांतरित किया गया है। नए समन जारी होने के बाद तीनों नेताओं ने अदालत में पेश होने पर सहमति जताई है। बंगाल में होल्डिंग सेंटर बनते ही 11 बांग्लादेशी पकड़े गए, 30 दिन में डिपोर्ट करेंगे पश्चिम बंगाल में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे अवैध बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्याओं को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नवान्न की ओर से जिलों को होल्डिंग सेंटर बनाने का निर्देश जारी होने के कुछ ही समय बाद सोमवार को 11 कथित अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को ऐसे सेंटर में रखा गया है। राज्य सरकार के सूत्रों के मुताबिक, इनमें 9 लोगों (महिलाएं व बच्चे शामिल) को मालदा और 2 को मुर्शिदाबाद से बिना वैध दस्तावेजों के पकड़ा गया। इन्हें पहचान सत्यापन और डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी होने तक होल्डिंग सेंटर में रखा जाएगा। सूत्रों का कहना है कि ऐसे लोगों को अधिकतम 30 दिनों के भीतर डिपोर्ट करने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली में चौकीदार की SUV कार से कुचलकर हत्या, आरोपियों ने गाड़ी की नंबर प्लेट हटा दी थी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में 60 साल के चौकीदार की SUV से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक यह हमला पुरानी कहासुनी के कारण किया गया और आरोपियों ने गाड़ी की नंबर प्लेट भी हटा दी थी। CCTV फुटेज में आरोपी पहले चौकीदार को डंडे से पीटते और फिर कई बार गाड़ी चढ़ाते दिखे। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। नागपुर में 4500 रुपए के विवाद में बड़े भाई ने की छोटे का मर्डर किया नागपुर में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 4500 रुपये गायब होने के विवाद में अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। दोनों भाई एक ही घर में परिवार के साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार बहस बढ़ने पर आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली में सेप्टिक टैंक साफ करते समय मजदूर की मौत दिल्ली के न्यू अशोक नगर में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक दोनों मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतारा गया था। मामले में ठेकेदार और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है। नागपुर में बुजुर्ग महिला और बेटी घर में मृत मिलीं नागपुर के हिवरी नगर इलाके में 70 साल की महिला और उनकी 40 साल की बेटी अपने घर में मृत मिलीं। पड़ोसियों ने घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों के शव बरामद हुए। स्थानीय लोगों के मुताबिक मां-बेटी कई सालों से गरीबी में रह रही थीं और सिख समुदाय उनकी मदद करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *