E-20 एथेनॉल ब्लेंडिंग के खिलाफ AAP का हल्लाबोल:केजरीवाल ने बुलाई ‘नेशनल टाउन हॉल’, पीएम से की नीति वापस लेने की मांग

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में गाड़ियों में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E-20) पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हाल ही में युवाओं के दबाव में केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि गाड़ियों के इंजन खराब होने और माइलेज घटने की समस्या को देखते हुए E-20 नीति को तुरंत हल किया जाए या वापस लिया जाए। इस मुद्दे पर जनता, पीड़ितों और ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स को एक मंच पर लाने के लिए आम आदमी पार्टी आगामी शनिवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘National Town Hall Against E-20’ का आयोजन करने जा रही है, जो सुबह 12 बजे से शुरू होगा। केजरीवाल ने बताया कि इस टाउन हॉल में दिल्ली और आसपास के लोग प्रत्यक्ष रूप से सुबह 11:30 बजे तक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचकर शामिल हो सकते हैं। वहीं, दिल्ली के बाहर के लोगों के लिए ऑनलाइन जुड़ने की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए व्हाट्सएप नंबर 8588833212 पर मैसेज करके लिंक प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि E-20 के विरोध में शुरू की गई ऑनलाइन पिटीशन में अब तक 2 लाख से अधिक लोगों की चिट्ठियां आ चुकी हैं, जिन्हें लेकर वे इस शनिवार के कार्यक्रम के बाद अगले हफ्ते व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री आवास जाएंगे। राष्ट्रीय मुद्दों पर बात करते हुए केजरीवाल ने छात्रों पर हो रही पुलिस कार्रवाई को गलत बताया और कहा कि सरकार वादे के बावजूद छात्रों पर मुकदमे और लाठीचार्ज करवा रही है। पेपर लीक रोको कानून पर उन्होंने कहा कि अगर सरकार की नीयत हो तो मौजूदा कानून ही काफी हैं, लेकिन नीयत न होने पर नए कानूनों का भी कोई असर नहीं होता। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में पेपर लीक के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वहां केवल स्मार्ट पेन से नकल की कोशिश कर रहे बच्चों को मौके पर पकड़ा गया था, कोई पेपर लीक नहीं हुआ और पंजाब का शिक्षा मॉडल आज देश में नंबर वन पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *