यूपी-बिहार में भारी बारिश, गया में स्टूडेंट्स पर बिजली गिरी:जगन्नाथ यात्रा से पहले ओडिशा में रेड अलर्ट, राजस्थान-एमपी में मानसून ब्रेक

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मानसून ऐक्टिव है। बुधवार को बिहार के गयाजी में स्कूल जा रहे तीन बच्चों पर बिजली गिर गई। एक बच्चे की मौत हो गई। समस्तीपुर में भी बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। यूपी के लखनऊ में मंगलवार को तेज बारिश हुई। बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। इसके चलते बांसडीह में 150 परिवार घर छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। इधर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में मानसून पर ब्रेक लग गया है। मानसून ट्रफ, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं पूर्वी भारत में आकर रुक गई हैं। इससे पश्चिम-उत्तर भारत तक पर्याप्त मात्रा में नम हवाएं नहीं पहुंच पा रही हैं, इसलिए बारिश कम हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ दिनों बाद नया लो-प्रेशर सिस्टम बनने या मानसून ट्रफ के पश्चिम की ओर बढ़ने पर इन राज्यों में भी अच्छी बारिश शुरू हो सकती है। ओडिशा में बारिश का रेड अलर्ट है। सैटेलाइट इमेज में देखें देश में मानसून की स्थिति… सैटेलाइट इमेज में बारिश का पूरा फोकस पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत पर है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के ऊपर घने बादल हैं। वहीं राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी महाराष्ट्र में बादल गायब हैं। देखें राज्यों में बारिश का अलर्ट… असम-अरुणाचल में बाढ़ से 1.40 लाख लोग प्रभावित अरुणाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में बाढ़, लैंडस्लाइड और भारी बारिश से चार जिलों में नुकसान हुआ। राज्य में 1.02 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं, अब तक 7 लोगों की मौत और 29 घायल हुए हैं। वहीं, असम के 6 जिलों के 99 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जहां 37,032 लोग प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा असर लखीमपुर जिले में है। ओडिशा में जगन्नाथ रथयात्रा से पहले बारिश आडिशा में जगन्नाथ रथयात्रा से पहले आज बारिश हुई। मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में रथ यात्रा के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें पुरी भी शामिल है। यह चेतावनी बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र के कारण जारी की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिमी बांग्लादेश के तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम में हो रहे इस बदलाव के कारण बुधवार से शुक्रवार सुबह तक पुरी में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। देशभर में मौसम से जुड़ी तस्वीरें… बारिश रुकने से बढ़ी गर्मी, देखें मैप… देशभर के मौसम के हाल के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *