अवैध सिगरेट की खेप पर दिल्ली GST की बड़ी कार्रवाई:65 लाख रुपए कीमत की 4.20 लाख आयातित ईएसएसई लाइट सिगरेट जब्त

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और सुशासन नीति के तहत दिल्ली सरकार ने कर चोरी और तंबाकू उत्पादों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। व्यापार एवं कर विभाग की एंटी-इवेजन शाखा-II ने नियमित जांच के दौरान करीब 4.20 लाख आयातित ‘ईएसएसई लाइट’ सिगरेट ले जा रहे एक वाहन को जब्त किया। बरामद सिगरेटों की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई GST अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के तहत की गई।
रात में चेकिंग के दौरान पकड़ा वाहन
विभाग की प्रवर्तन टीम ने बीते दिनों रात में चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका। जांच में बड़ी संख्या में आयातित सिगरेट बरामद हुईं। अधिकारियों के अनुसार, खेप भारत में बिक्री या वितरण के लिए लागू वैधानिक मानकों का पालन नहीं कर रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि सिगरेट के पैकेट के सामने निर्धारित चित्रात्मक स्वास्थ्य चेतावनी प्रदर्शित नहीं थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 7 का उल्लंघन है। कानून के तहत निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी के बिना ऐसे सिगरेट पैकेट की बिक्री, आपूर्ति या वितरण की अनुमति नहीं है।
आयातित सिगरेट पर भी नियम लागू
भारत में बिक्री या वितरण के लिए आयात की जाने वाली सिगरेटों पर भी स्वास्थ्य चेतावनी संबंधी वैधानिक नियम लागू होते हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली सरकार कर चोरी, वस्तुओं की अवैध आवाजाही और गैरकानूनी तंबाकू कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version