भास्कर अपडेट्स:अभिनेता इमरान खान के भारत छोड़ने के मामले में सुनवाई टली; सरकार ने कहा- 2 नवंबर तक कार्रवाई नहीं करेंगे

बॉम्बे हाई कोर्ट ने अभिनेता इमरान खान की उस याचिका पर सुनवाई टाल दी है, जिसमें उन्होंने ‘लीव इंडिया नोटिस’ (भारत छोड़ने का नोटिस) को चुनौती दी थी। इस नोटिस में उन्हें 28 अक्टूबर (कल) तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया था। यह फैसला तब आया जब केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया कि 2 नवंबर (सुनवाई की अगली तारीख) तक उनके खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी। आज की अन्य बड़ी खबरें… नितिन नवीन कल दिल्ली में निकालेंगे मार्च, CM रेखा गुप्ता समेत दूसरे नेता भी होंगे शामिल भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन कल चांदनी चौक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नारे के साथ मार्च का नेतृत्व करेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मार्च में शामिल होंगे। सुप्रीम कोर्ट वंदे मातरम् के 6 अंतरे अनिवार्य करने वाले कानून पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों को गाना अनिवार्य करने वाले कानून को चुनौती देने वाली नई याचिकाओं पर सुनवाई करने का फैसला किया। कोर्ट ने इन याचिकाओं पर केंद्र सरकार और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। अब मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने भीमराव दुर्योधन बोरकर और पूर्व आईएएस अधिकारी बालकृष्णन सत्यभामा मावोजी की याचिकाओं पर यह नोटिस जारी किया। कोर्ट ने इन याचिकाओं को इसी मामले से जुड़ी दूसरी याचिकाओं के साथ जोड़ दिया है। बोरकर ने याचिका में कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के 28 जनवरी और 9 जुलाई 2026 के आदेशों से 79 साल पुरानी परंपरा बदल गई है। पहले वंदे मातरम् के शुरुआती दो अंतरे गाए जाते थे। याचिका में आरोप लगाया गया है कि नए आदेशों के जरिए सभी छह अंतरों को गाना अनिवार्य किया जा रहा है। याचिकाकर्ता का दावा है कि गीत के बाकी अंतरों में मुस्लिम विरोधी बातें हैं। जर्मनी में शख्स ने BMW कार से लोगों को रौंदा, 5 घायल जर्मनी में सोमवार देर रात हनोवर के पास एक शख्स ने BMW कार से लोगों को रौंद दिया। हादसे में 5 लोग घायल हुए। पुलिस ने बताया कि कार चालक ने जानबूझकर लोगों को टक्कर मारी। पास में ट्रैफिक जांच कर रही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने कार पर गोलियां चलाईं। BMW में सवार लोग मौके से भाग गए। फिलहाल, यह साफ नहीं है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। बेंगलुरु में 2 दिन बाद मिले दंपती के जले हुए शव, लुब्रिकेंट की दुकान में लगी थी आग बेंगलुरु में लुब्रिकेंट की दुकान में आग लगने के दो दिन बाद एक दंपती के जले हुए शव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान आकाश और उनकी पत्नी नागरत्ना के रूप में हुई है। दोनों KG हॉलि इलाके में एक पेट्रोल पंप पर काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को KG हॉलि के कामगोंडनहल्ली स्थित एक छोटी लुब्रिकेंट दुकान में आग लगी थी। दुकान एक पुरानी इमारत में थी, जहां लुब्रिकेंट, तेल और दूसरी चीजें बेची जाती थीं। आग लगने की सूचना पर दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई। आग बुझाने के बाद इमारत के कमरों की जांच की गई थी। उस समय माना गया कि सभी लोग बाहर निकल चुके हैं। किसी की मौत की जानकारी भी नहीं मिली थी। सोमवार को इमारत से बदबू आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोबारा तलाशी ली। इस दौरान दंपती के जले हुए शव मिले। बंगाल की कोयला खदान में फंसे सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया, 50 मीटर नीचे अटके थे पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में कोयला खदान के अंदर फंसे सभी 14 मजदूरों को बचा लिया गया है। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सतीश झा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। यह घटना सोमवार को ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कुमारडीही-ए भूमिगत खदान में हुई थी। खदान में मजदूरों को ऊपर-नीचे ले जाने वाले पुली सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके कारण मजदूर बाहर नहीं निकल सके। अधिकारियों के मुताबिक, पुली ड्रम से रस्सी फिसलने के कारण मजदूरों को ले जाने वाली व्यवस्था बाधित हो गई थी। उस समय 14 मजदूर करीब 50 मीटर की गहराई पर दो लिफ्टिंग केज में फंसे हुए थे। बचाव अभियान के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जम्मू-कश्मीर में आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों को संवेदनशील सुरक्षा जानकारी देने के आरोप में 2 गिरफ्तार जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले के आरएस पुरा सीमावर्ती इलाके में पुलिस ने संवेदनशील सुरक्षा जानकारी विदेशी खुफिया एजेंटों और आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों तक पहुंचाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अखनूर के मथवार निवासी अरुण कुमार और मोखे गांव निवासी गौरव शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरएस पुरा थाने में दोनों के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों के जरिए राज्य की सुरक्षा से जुड़ी तस्वीरें और इलेक्ट्रॉनिक डेटा विदेशी खुफिया एजेंटों तथा आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के साथ साझा कर रहे थे। इनमें पाकिस्तान स्थित संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं। ₹100 करोड़ का घोटाला मामले में तमिलनाडु के पूर्व मंत्री को 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री और DMK नेता अनबिल महेश को 100 करोड़ रुपये के निजी स्कूल से जुड़े मामले में 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। महेश पर आरोप है कि उन्होंने 2021 से 2026 तक स्कूल शिक्षा मंत्री रहने के दौरान 1,000 से ज्यादा प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधन से ‘पार्टी फंड’ के नाम पर पैसे वसूले। आरोप है कि इसके बदले स्कूलों को स्थायी मान्यता और अन्य प्रशासनिक मंजूरियां दी गईं। महेश ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत भी लगाई थी। सोमवार को उनकी याचिका खारिज कर दी गई। कुछ घंटे बाद ही ग्रेटर चेन्नई पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने उन्हें अरेस्ट कर लिया। दिल्ली के हर्ष विहार में ढही पुरानी इमारत के मलबे से पिता-पुत्र के शव बरामद उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र के मिलन गार्डन में रविवार शाम ढही इमारत के मलबे से सोमवार को पिता-पुत्र के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान चंद्रपाल (60) और विजय कुमार (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए हैं। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि रविवार शाम 6:46 बजे सेवा धाम रोड स्थित मिलन गार्डन के ए-4 में इमारत ढह गई थी। पुरानी इमारत के भूतल पर गोदाम था और उसके ऊपर का पहला तल भी ढह गया था। दमकल की 2 गाड़ियां, 2 एंबुलेंस, क्रेन, सिविल डिफेंस कर्मी और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version