विश्व पर्यावरण दिवस पर दिल्ली सीएम ने किया पौधारोपण:18 नमो ऑक्सीजन पार्कों का लोकार्पण, बोलीं- प्रदूषण को लेकर गंभीर नहीं रही पूर्व सरकार

नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सीएम रेखा गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण बहाली के लिए अभियान चलाया। शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के साथ मैदानगढ़ी स्थित ‘नमो ऑक्सीजन पार्क’ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी पर आधारित दिल्ली सरकार की नई पर्यावरणीय पहलों का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में दिल्ली के पर्यावरण और वन एवं वन्यजीव मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, छतरपुर से विधायक करतार सिंह तंवर सहित अन्य जन उपस्थित थे। ऑक्सीजन पार्कों का लोकार्पण इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में विकसित 18 ‘नमो ऑक्सीजन पार्कों’ का डिजिटल लोकार्पण भी किया। यह पहल राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने, वायु प्रदूषण कम करने और लोगों को प्रकृति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली सरकार की योजना के अनुसार इन 18 पार्कों के तहत आने वाले कुल 185.42 एकड़ क्षेत्र को हरित जोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधे लगाए जा रहे हैं। हरित राजधानी की शुरुआत एक पौधे से होती है इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा सच्चा सुशासन केवल वर्तमान के लिए कानून बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करने का भी दायित्व निभाता है। एक हरित राजधानी की शुरुआत एक पौधे से होती है। विधानसभा अध्यक्ष ने पौधे रोपित कर राजधानी के पारिस्थितिक संतुलन की पुनर्स्थापना के प्रति विधानसभा की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने नागरिकों से केवल दर्शक बने रहने के बजाय प्रकृति के संरक्षक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि दिल्ली के प्रत्येक परिवार को कम-से-कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। सभी 256 मंडलों में आयोजित किया गया एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम-हर्ष मल्होत्रा विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में सभी 256 मंडलों में एक पेड़- माँ के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली के सैनी एंक्लैव के डीडीए पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में चाईना डोल नामक पौधा लगाया। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मयूर विहार में आम के पेड़ का वृक्षारोपण किया। वहीं मीडिया प्रभारी प्रवीण शंकर कपूर ने ग्रेटर कैलाश में आम का पेड़ लगाया। मल्होत्रा ने इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version