4 साल में ₹94 हजार करोड़ GST कलेक्शन:चीमा बोले- पंजाब की अर्थव्यवस्था मजबूत; AAP ने टैक्स कलेक्शन में बनाया रिकॉर्ड

पंजाब के वित्त एवं कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य की वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। चीमा ने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के कार्यकाल के दौरान टैक्स कलेक्शन में हुए ऐतिहासिक सुधार का दावा किया है। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब में जब कांग्रेस पार्टी का राज था, तब 5 सालों में कुल टैक्स कलेक्शन (जीएसटी संग्रह) सिर्फ ₹64 हजार करोड़ हुआ था। इसकी तुलना में, मौजूदा ‘आप’ सरकार ने महज 4 सालों में ही लगभग ₹94 हजार करोड़ का जीएसटी कलेक्शन कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। ₹10 हजार करोड़ से ज्यादा की बढ़ोतरी हर साल पंजाब के खजाने में लगभग ₹10 हजार करोड़ से ज्यादा की बढ़ोतरी लगातार हो रही है। इस साल के लिए हमने ₹32 हजार करोड़ का टैक्स कलेक्शन का लक्ष्य रखा है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि पंजाब की जनता एक ईमानदार सरकार का पूरा साथ दे रही है और टैक्स का एक-एक पैसा सीधे सरकारी खजाने में ईमानदारी से पहुंच रहा है। चीमा ने साफ किया कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के सख्त निर्देश हैं कि खजाने में आने वाले एक-एक पैसे को पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे जनता की भलाई और उनके वेलफेयर (कल्याण) पर ही खर्च किया जाए। राज्य में हो रहे विकास कार्य और सुविधाएं सरकारी खजाने में हुई इस बढ़ोतरी के बदौलत राज्य में चल रहे विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं। पंजाब के अंदर वर्तमान में 45,000 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार: सरकारी स्कूलों की कायाकल्प की जा रही है, जिनमें आधुनिक क्लासरूम, शानदार लैब, लाइब्रेरी और बच्चों के लिए प्ले-ग्राउंड बनाए जा रहे हैं। गांवों में 3,000 से ज्यादा ग्राउंड बनकर तैयार हो चुके हैं और 6,000 नए ग्राउंड्स पर काम जारी है। मुफ्त बिजली: पिछले साढ़े चार सालों से पंजाब के हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली लगातार दी जा रही है। स्वास्थ्य सुविधाएं: पूरे राज्य में मोहल्ला क्लीनिक खोले जा चुके हैं, जिससे लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। थर्मल प्लांट की खरीद: सरकार ने एक निजी कंपनी से ‘गोइंदवाल साहिब थर्मल प्लांट’ (GVK Thermal Plant) खरीदकर उसे पंजाब की जनता के नाम समर्पित किया है। ‘आप’ ने पूरी की अपनी 5वीं और आखिरी गारंटी हरपाल सिंह चीमा ने गर्व जताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘आप’ ने चुनाव के समय पंजाब की जनता को 5 मुख्य गारंटियां दी थीं। सरकार का कार्यकाल खत्म होने से करीब 8 महीने पहले ही इन सभी 5 गारंटियों को पूरी तरह से लागू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आखिरी और पांचवीं गारंटी ‘मामा-धीयां सत्कार योजना’ के तहत भी पैसे जारी कर दिए गए हैं, जिससे पंजाब की महिलाएं और बेटियां बेहद खुश हैं। अंत में उन्होंने समय-समय पर सही मार्गदर्शन देने के लिए पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *