BJP सांसद के बेटे बोले- Gen-Z आंदोलन में गया था:कहा- टोपी-मास्क पहनकर जंतर-मंतर पहुंचा, फोटो बाहर आती तो ठीक नहीं होता

भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि वह हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन में शामिल हुए थे। वह विरोध प्रदर्शन में टोपी और मास्क पहनकर गए थे, क्योंकि वह जानते हैं कि वह भाजपा सांसद के बेटे हैं और उनकी तस्वीर सामने आने से बात ठीक नहीं होती। मोहित चौधरी बुधवार को हांसी पहुंचे थे। वह धर्मसेना युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने जंतर-मंतर के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने जब मोहित चौधरी से प्रोटेस्ट में शामिल होने की फोटो मांगी तो उन्होंने कहा कि साथ कोई कैमरे वाला नहीं था। अगर वह 10 कैमरे वाले अपने साथ रखते और मीडिया में यह दिखता कि सांसद का बेटा भी वहां बैठा है, तो मीडिया में सिर्फ यही चीजें आतीं। ‘देशहित में गलत हो तो युवाओं से मिलना चाहिए’ मोहित चौधरी ने कहा कि अगर कोई चीज देश के हित में नहीं है, खराब है या गलत है तो उसके लिए देश के युवाओं से मिलना चाहिए। उन्होंने नीट परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि परीक्षा में पेपर लीक हुआ था और ऐसा नहीं होना चाहिए था। भाजपा सरकार ने तुरंत इस पर संज्ञान लिया, पेपर कैंसिल करवाया और जो भी इसमें दोषी था, उसके खिलाफ कार्रवाई हुई। ‘जंतर-मंतर पर जेनुअन बच्चे भी बैठे थे’ मोहित चौधरी से जब पूछा गया कि अर्चना गुप्ता कहती हैं कि जंतर-मंतर के प्रदर्शन में दूसरी पार्टी के लोग भी बैठे थे, तो उन्होंने कहा कि वहां जेनुअन बच्चे भी बैठे थे। हालांकि, उनके मुताबिक कुछ बच्चे ऐसे भी थे, जिनका मकसद सरकार को बदनाम करना था, ताकि वे जिस भी पार्टी से जुड़े हैं, उन्हें वाहवाही मिल सके। अर्चना गुप्ता ने कहा था- आंदोलन में आतंकवादी थे करीब एक महीने पहले हांसी में ही हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन को लेकर दो बड़े दावे किए थे। उन्होंने कहा था कि आंदोलन के दौरान अराजकता और आतंकवादी भी दिखाई दिए थे। अर्चना गुप्ता ने दूसरा दावा किया था कि आंदोलन के दौरान एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत हो गई और एक पुलिस अधिकारी की आंख चली गई। हालांकि, महिला कॉन्स्टेबल की मौत के दावे को दिल्ली पुलिस 24 जुलाई को ही गलत बता चुकी थी। वहीं, आंदोलन में विदेशी फंडिंग के सवाल पर विदेश मंत्रालय भी कह चुका है कि उसके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। भागवत ने भी कहा था- प्रदर्शन करने वाले एंटी-नेशनल नहीं 6 अगस्त को संघ प्रमुख मोहन भागवत ने मुंबई में Gen-Z और Gen-Alpha के युवाओं से करीब एक घंटे तक बातचीत की थी। इस दौरान एक युवा ने उनसे सवाल किया कि अगर हम प्रदर्शन करने आएंगे तो हमें एंटी-नेशनल बता दिया जाएगा और कुछ लोग कहेंगे कि हम किसी दूसरे देश के एजेंट हैं। इस पर भागवत ने कहा था कि अगर Gen-Z प्रदर्शन कर रहे हैं तो वे अपने लोग हैं, एंटी-नेशनल नहीं हैं। Gen-Z और Gen-Alpha पुरानी पीढ़ी से भी ज्यादा देशभक्त और ईमानदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version