NEET री-एग्जाम, एक-दो मिनट देर से पहुंचे छात्रों को नो-एंट्री:हिजाब पर विवाद, कलावा-इयररिंग्स उतरवाए, कपड़ों से चेन-बटन निकाले; हैदराबाद में छात्रा ने सुसाइड किया

देश के 22.79 लाख से ज्यादा छात्रों ने आज NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा दी। इसके लिए देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,440 केंद्र बनाए गए। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे के बीच हुई। छात्रों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक एग्जाम सेंटरों में एंट्री दी गई। एक-दो मिनट देर से पहुंचने पर मुंबई में 2 और बेंगलुरु में 4 स्टूडेंट्स को एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं दी गई। बेंगलुरु में लड़कियों ने रेलिंग कूदकर अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन एग्जाम रूम का गेट बंद हो चुका था। राजस्थान के अजमेर में हिजाब पहन कर आई एक छात्रा को एंट्री देने से पहले मना किया गया। काफी बहस के बाद उसे अंदर भेजा गया। इधर, हैदराबाद में 19 साल की एक NEET छात्रा ने आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह उसके अपार्टमेंट में फंदे से लटका शव मिला। पुलिस को आशंका है कि उसने री-एग्जाम के दबाव में यह कदम उठाया। मौके से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। हिसार में भी एग्जाम से ठीक पहले 19 साल की एक छात्रा ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। बरवाला क्षेत्र के गांव ढाणी खान बहादुर की सिमरन 2 बार NEET दे चुकी थी। देश भर में NEET-UG परीक्षा की तस्वीरें… 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात, एयरफोर्स ने पेपर पहुंचाए NTA को यह री-एग्जाम NEET-UG की 3 मई की परीक्षा रद्द होने के चलते कराना पड़ा है। 3 मई को हुई परीक्षा में पेपर लीक के आरोप लगे थे, जिसकी जांच हो रही है। इस बार पेपर लीक रोकने के लिए एयरफोर्स का सहारा लिया गया। पहली बार वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों ने 200 से ज्यादा उड़ानें भरकर NEET-UG के क्वेश्चन पेपर देश के अलग-अलग जोन तक पहुंचाए। री-एग्जाम के लिए 2 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। NTA के मुताबिक, 95 हजार से ज्यादा एग्जाम सेंटरों में CCTV से निगरानी हुई। कुल 1,38,560 CCTV कैमरे लगाए गए। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए 51,311 जैमर लगाए गए थे। NEET-UG री-एग्जाम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *