भास्कर अपडेट:पश्चिम बंगाल विधानसभा में सोमवार को पेश हो सकता है UCC बिल

पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार सोमवार को विधानसभा में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पेश कर सकती है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले अपने संकल्प पत्र में सरकार बनने के छह महीने के भीतर पश्चिम बंगाल में UCC लागू करने का वादा किया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी चुनाव प्रचार के दौरान यह घोषणा की थी। सरकार तय समयसीमा से पहले ही विधेयक लाने की तैयारी में है। आज की अन्य बड़ी खबरें… ममता गुट ने पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न इस्तेमाल करने पर रितब्रत बनर्जी खेमे के खिलाफ दर्ज कराई शिकायतें पश्चिम बंगाल में TMC के भीतर जारी सियासी संघर्ष अब कानूनी मोर्चे पर और तेज हो गया है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने बागी नेता रितब्रत बनर्जी और उनके सहयोगियों के खिलाफ नई पुलिस शिकायतें दर्ज कराई हैं। आरोप है कि वे पार्टी का नाम, चुनाव चिह्न और संगठनात्मक पदों का अवैध इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गुमराह कर रहे हैं। PTI के मुताबिक, TMC की संयुक्त राष्ट्रीय सचिव डोला सेन ने कालीघाट थाने और कोलकाता पुलिस की साइबर क्राइम शाखा में शिकायत दर्ज कराई है। इससे एक दिन पहले भी ममता गुट ने प्रगति मैदान और न्यू टाउन थानों में इसी तरह की शिकायतें दी थीं। शिकायत में रितब्रत बनर्जी, पूर्व मंत्री अरूप रॉय, जावेद खान, संदीपन साहा और बिप्लब मित्रा के नाम शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग पार्टी नेतृत्व की अनुमति के बिना खुद को अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के पदाधिकारी बताकर समानांतर संगठन चलाने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी पार्टी के नाम, चुनाव चिह्न और संगठनात्मक पदों का इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भ्रम पैदा कर रहे हैं और इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। सीनियर जर्नलिस्ट का दावा- वोटर लिस्ट से नाम कटा, जिससे पासपोर्ट रिन्यू अटका एक अंग्रेजी अखबार के पूर्व एडिटर आर. राजगोपाल ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से नाम हटने के बाद उनका पासपोर्ट रिन्यू नहीं हो पा रहा है। राजगोपाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि 19 मार्च 2026 को बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद पुलिस वेरिफिकेशन इसलिए अटका है क्योंकि उनका नाम अब मतदाता सूची में नहीं है। उन्होंने लिखा कि उनका उद्देश्य खुद को पीड़ित के रूप में पेश करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के सामने आने वाली परेशानियों को उजागर करना है। उनका कहना था कि यदि एक सीनियर पत्रकार को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, तो आम लोगों को कितनी दिक्कत आती होगी। दिल्ली में राहुल गांधी को गुमशुदा बताने वाले पोस्टर लगे; लिखा- तलाश जारी है दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गुमशुदा बताने वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में राहुल गांधी पर कई टिप्पणियां की गई हैं। इनमें लिखा है कि वे अक्सर विदेश में पाए जाते हैं, किसी पब में हो सकते हैं, किसी बीच पर दिख सकते हैं और अंत में तलाश जारी है लिखा गया है। यह मामला BJP द्वारा राहुल गांधी पर संसद, चुनाव या पार्टी को जरूरत पड़ने पर अनुपस्थित रहने का आरोप लगाने के एक दिन बाद सामने आया है। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया था कि राहुल गांधी एक और विदेश यात्रा पर हैं। पीटीआई के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का मतलब पर्यटन और पार्टी करने वालों का नेता बन गया है। पूनावाला ने एक वीडियो में कहा कि राहुल गांधी को अपने पद का नाम बदलकर पर्यटन और पार्टी करने वालों का नेता रख लेना चाहिए, क्योंकि वे हमेशा पार्टी करने, पर्यटन करने और विदेश यात्रा पर जाने में व्यस्त रहते हैं। लद्दाख में पैंगोंग झील में ऑफ-रोडिंग करने पर 4 पर्यटकों पर ₹2 लाख का जुर्माना लद्दाख प्रशासन ने पैंगोंग झील और अन्य संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में अवैध ऑफ-रोडिंग करने वाले 4 पर्यटकों पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। प्रशासन के मुताबिक, केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पहली बार ऐसे मामले में इतनी सख्त कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर की गई। हाल के दिनों में पर्यटकों द्वारा झीलों, नालों और संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ रही थीं, जिससे पर्यावरण और वन्यजीवों को नुकसान पहुंच रहा था। वन्यजीव विभाग ने 26 जून को हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर प्रदेश के चार वाहन मालिकों पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। जांच के दौरान चारों वाहनों को जब्त कर लिया गया था। जुर्माना जमा करने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। प्रशासन के मुताबिक, ये मामले वन विभाग की नियमित गश्त और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए सामने आए। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पर्यटकों और वाहन मालिकों से अपील की कि वे लद्दाख घूमने के दौरान जिम्मेदारी से व्यवहार करें और संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में वाहन ले जाने से बचें। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाती हैं। केरल के त्रिशूर में दो महिलाओं समेत सात गिरफ्तार 308 ग्राम MDMA बरामद केरल के त्रिशूर जिले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर 308 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद की है, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई शुक्रवार रात वानियामपारा में वाहन जांच के दौरान शुरू हुई, जब एक कार में सवार महिला के निजी अंग में छिपाई गई 2 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शिफाज के घर से 13 ग्राम और उसके साथियों की निशानदेही पर थाइक्काड स्थित एक एल्यूमीनियम फैब्रिकेशन वर्कशॉप से 288.8 ग्राम एमडीएमए जब्त की। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
केरल में नदी से 7 साल की बच्ची का शव मिला, परिवार के चारों सदस्यों की मौत केरल के पिरावोम के पास रविवार को पुलिस ने नदी से 7 साल की बच्ची का शव बरामद किया। इसके साथ ही एक ही परिवार के चारों सदस्यों के शव मिल चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है। इससे पहले शुक्रवार शाम को नदी से दृष्टिबाधित महिला विजी और 2 साल के बेटे का शव बरामद किए गए थे। जांच में उनकी पहचान कोठामंगलम में किराए के मकान में रहने वाले परिवार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने विजी के पति नारायणन और उनकी बेटी की तलाश शुरू की, क्योंकि दोनों लापता थे। शनिवार को पुलिस ने नदी से नारायणन का शव भी बरामद कर लिया था। पुलिस के मुताबिक, नारायणन पलक्कड़ के रहने वाले थे और अपने परिवार के साथ कोठामंगलम में किराए के मकान में रहते थे। जांच में सामने आया कि आर्थिक तंगी के कारण नारायणन और उनका परिवार कोठामंगलम पुलिस के पास मदद मांगने पहुंचा था। वे अपने किराए के मकान का किराया भी नहीं चुका पा रहे थे। पुलिस ने उनके लिए रहने की दूसरी जगह की व्यवस्था भी कराई थी और परिवार को रविवार को नए घर में शिफ्ट होना था। दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच ने पूर्व स्वास्थ्य महानिदेशक को गिरफ्तार किया, करोड़ों रुपए के घोटाले का आरोप दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने दवाइयों, सर्जिकल सामान और मेडिकल उपकरणों की खरीद में करोड़ों रुपए के घोटाले मामले में स्वास्थ्य सेवाओं की पूर्व महानिदेशक (DGHS) डॉ. वत्सला अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी शनिवार को हुई। इससे कुछ दिन पहले इसी मामले में डॉ. विजय कुमार रंगा को भी गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। ACB के मुताबिक, मामला DGHS के तहत काम करने वाली सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) की सैकड़ों करोड़ रुपए की खरीद में वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़ा है। जांच की शुरुआत तब हुई, जब विजिलेंस निदेशालय ने संदिग्ध लेनदेन और नियमों के उल्लंघन की जानकारी दी। जांच एजेंसी का आरोप है कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, बेडशीट और लिनेन, सी-आर्म रेडियोलॉजी उपकरण, एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, ओआरएस, सर्जिकल सामान और दवाइयों की खरीद टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर कर बाजार कीमत से काफी ज्यादा दाम पर की गई। शिकायत के आधार पर ACB ने 2 जून को मामला दर्ज किया था। जांच में खरीद से जुड़े रिकॉर्ड, टेंडर फाइलें और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस मामले में दिल्ली सरकार ने जांच के बाद 5 फार्मासिस्ट और CPA के 2 अधिकारियों को निलंबित किया है। तेलंगाना सरकार VB-G RAM G कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जा सकती है तेलंगाना के सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा है कि राज्य सरकार विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने पर विचार कर रही है। यह कानून महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) की जगह लाया गया है। इस मुद्दे पर गठित राज्य सरकार की कैबिनेट सब-कमेटी के प्रमुख रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना सरकार VB-G RAM G को मौजूदा स्वरूप में स्वीकार नहीं करेगी। इस संबंध में उन्होंने शनिवार को सब-कमेटी के सदस्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक की। बैठक में यह प्रस्ताव भी रखा गया कि कर्नाटक और केरल के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर यह पता लगाया जाए कि क्या दोनों राज्य इस कानून के खिलाफ साझा कानूनी रणनीति या अन्य कदम उठाने के लिए तैयार हैं। सरकार का मानना है कि इससे राज्यों के अधिकारों और वित्तीय हितों की रक्षा की जा सकेगी। सब-कमेटी का कहना है कि प्रस्तावित कानून के राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभावों के बारे में अभी तक आम लोगों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई है। इसलिए इस मुद्दे को 2 जुलाई को होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। महाराष्ट्र के भिवंडी में टायर गोदाम में आग लगी, तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची महाराष्ट्र के भिवंडी में मुंबई-नासिक हाईवे स्थित निंबावली इलाके में रविवार तड़के टायर और लकड़ी के पैलेट रखने वाले एक गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलने पर भिवंडी फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड के फायरमैन सुरेश ने बताया कि सूचना सुबह करीब 3:17 बजे मिली थी। गोदाम में नए और पुराने दोनों तरह के टायर रखे थे। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दिल्ली-उत्तराखंड में आतंकी हमले का अलर्ट; मंदिरों, सरकारी दफ्तरों और रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने की धमकी खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली और उत्तराखंड में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद दोनों राज्यों में मंदिरों, सरकारी दफ्तरों, रेलवे स्टेशनों, पुलिस प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, ईमेल में दावा किया गया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली और उत्तराखंड में कई जगहों को निशाना बनाया जा सकता है। इसमें कुछ राजनीतिक नेताओं का भी जिक्र किया गया है। हालांकि अब तक किसी हमले के समय या जगह को लेकर कोई ठोस इनपुट नहीं मिला है। दिल्ली पुलिस ईमेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगा रही है। साइबर एक्सपर्ट्स इसकी डिजिटल ट्रेल की जांच कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर पूरे मामले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। लाल किला बम धमाका में खुलासा; फरीदाबाद में बन रहे थे बम, कश्मीर से आती थी हथियारों की खेप राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लाल किला बम धमाका मामले में तीन और आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की है। जांच में खुलासा हुआ है कि फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एक गुप्त ठिकाने पर टीएटीपी आधारित आईईडी बनाए, उनकी टेस्टिंग की जाती थी और उन्हें छिपाकर रखा जाता था। वहीं, जम्मू-कश्मीर से एके-47, क्रिंकोव राइफल, पिस्तौल और कारतूस मॉड्यूल तक पहुंचाए जाते थे। एनआईए के मुताबिक, फरार बाल रोग विशेषज्ञ मुजफ्फर अहमद अल-कायदा से जुड़े एजीयूएच इंटरिम मॉड्यूल का संस्थापक सदस्य और साजिश का प्रमुख सूत्रधार है। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जा चुका है। जांच एजेंसी के अनुसार, जून 2022 में श्रीनगर के ईदगाह में इस आतंकी मॉड्यूल का गठन हुआ था। चार्जशीट में जम्मू-कश्मीर के तुफैल अहमद भट पर तीन लाख रुपए लेकर हथियार पहुंचाने और जमीर अहमद आहंगर पर हथियार, गोला-बारूद व नकदी उपलब्ध कराने का आरोप लगाया गया है। NIA के मुताबिक, 10 नवंबर 2025 को लाल किला क्षेत्र में हुआ विस्फोट टीएटीपी आधारित वाहन-जनित आईईडी से किया गया था। टीएटीपी बेहद संवेदनशील विस्फोटक होता है, जो हल्के झटके, गर्मी या घर्षण से भी फट सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version