जनसुनवाई में CM रेखा गुप्ता ने सुनीं दिल्लीवासियों की समस्याएं:अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से सीधे संवाद करते हुए एक-एक कर उनकी शिकायतें जानीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों की गंभीरता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का दरवाजा जनता के लिए हमेशा खुला रहना चाहिए। नागरिक अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकें, उनकी बात संवेदनशीलता से सुनी जाए और समाधान के लिए उन्हें अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही दिल्ली सरकार की कार्यसंस्कृति है। जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, लंबित पुरस्कार राशि, जलभराव, सीवर, विद्युत सुरक्षा, सफाई, अवैध निर्माण और बिजली-पानी के कनेक्शन से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version