भास्कर अपडेट्स:रेलवे मंत्रालय ने नॉर्दर्न जोन में 680 किलोमीटर रूट पर ‘कवच’ लगाने के लिए ₹206 करोड़ मंजूर किए

इंडियन रेलवे ने नॉर्दर्न रेलवे के दिल्ली डिवीजन में रेवाड़ी-दिल्ली और शकूरबस्ती-बठिंडा सेक्शन के 680 किलोमीटर रूट पर ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, ‘कवच वर्जन 4.0’ लगाने को मंजूरी दी है। रेलवे बोर्ड के एक प्रेस बयान में कहा गया है कि इस प्रोजेक्ट को 206 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई है। बयान में आगे कहा गया है- यह प्रोजेक्ट इंडियन रेलवे द्वारा पूरे देश में ‘कवच’ को लागू करने की चल रही प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका मकसद ज्यादा ट्रैफिक वाले और रणनीतिक रूप से अहम रूटों पर इस स्वदेशी सुरक्षा सिस्टम का विस्तार करना है। आज की अन्य बड़ी खबरें… अमरनाथ यात्रा- 8 दिन में 2 लाख यात्री पहुंचे, 3 दिन पहले ही हिमलिंग पिघल चुका जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार को सालाना अमरनाथ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दो लाख के पार पहुंच गई। उन्होंने कहा कि दोनों रास्तों पर यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। सालाना यात्रा 3 जुलाई को बालटाल और पहलगाम के दो रास्तों से शुरू हुई थी और 28 अगस्त को संपन्न होगी। बांग्लादेश में संगोष्ठी के दौरान भारत का गलत नक्शा दिखाया, द्वितीय सचिव पूजा झा ने मौके पर ही आपत्ति जताई बांग्लादेश में विदेश नीति संगोष्ठी के दौरान जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दर्शाने वाला गलत नक्शा प्रदर्शित किए जाने पर ढाका में भारत की द्वितीय सचिव पूजा झा ने मौके पर ही आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है और यह नक्शा “तथ्यात्मक रूप से गलत” है। 1996 की हिंसा: शब्बीर अहमद शाह समेत 6 कश्मीरी अलगाववादी नेताओं के खिलाफ चार्जशीट राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 1996 में श्रीनगर में एक आतंकी के जनाजे के दौरान हुई हिंसा के मामले में शब्बीर अहमद शाह समेत छह कश्मीरी अलगाववादी नेताओं के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने जम्मू स्थित NIA की विशेष अदालत में दायर चार्जशीट में आरोप लगाया है कि इन नेताओं ने भीड़ को पुलिस पर बड़े पैमाने पर हिंसा के लिए उकसाया था। चार्जशीट में शब्बीर अहमद शाह के अलावा हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के दिवंगत नेता सैयद अली शाह गिलानी, अब्दुल गनी लोन, मोहम्मद याकूब वकील उर्फ मोहम्मद याकूब वक़ील, JKLF के पूर्व कमांडर जाविद अहमद मीर और शकील अहमद बख्शी को आरोपी बनाया गया है। NIA के मुताबिक, जांच में इन सभी की आपराधिक साजिश और गैरकानूनी जमावड़े के साझा उद्देश्य में भूमिका के सबूत मिले हैं। मिजोरम में 6 महीने में 414 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 312 तस्कर अरेस्ट; इनमें 57 विदेशी भी शामिल मिजोरम पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि वर्ष 2026 की पहली छमाही में राज्यभर में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 414.66 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की ड्रग्स और साइकोट्रॉपिक पदार्थ जब्त किए गए। इस दौरान 312 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 57 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस के बयान के मुताबिक, 1 जनवरी से 30 जून के बीच NDPS Act के तहत कुल 219 मामले दर्ज किए गए। इस अवधि में सबसे बड़ी बरामदगी मेथामफेटामाइन की रही। पुलिस ने 38 मामलों में 315.903 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की, जिसकी कीमत 252.72 करोड़ रुपए आंकी गई है। इन मामलों में 62 लोगों, जिनमें 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं, को गिरफ्तार किया गया। इसी अवधि में पुलिस ने 156 मामलों में 34.923 किलोग्राम हेरोइन भी जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 69.85 करोड़ रुपए बताई गई है। हेरोइन तस्करी के मामलों में 211 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 39 विदेशी नागरिक शामिल हैं। NCERT मामले में शिक्षा मंत्रालय ने ब्लैकलिस्टिंग फैसले की जांच के आदेश दिए, अधिकारियों की जवाबदेही होगी तय केंद्र सरकार ने NCERT द्वारा पाठ्यपुस्तकों के लिए कागज सप्लाई करने वाली कंपनी बाफना ग्लोबल वेंचर प्राइवेट लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट करने के फैसले की जांच के आदेश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मामले में प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर हुई चूक को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, शिक्षा मंत्री ने कहा है कि जिन अधिकारियों ने दिल्ली हाईकोर्ट में NCERT के फैसले का प्रभावी ढंग से बचाव नहीं किया, उनकी जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने प्रशासनिक और कानूनी लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और पाठ्यपुस्तकों के उत्पादन व खरीद प्रक्रिया में जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया है। यह मामला तब सामने आया जब बाफना ग्लोबल वेंचर प्राइवेट लिमिटेड ने 24 जून को दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। कंपनी ने बताया कि 22 जून को NCERT ने उसे दो साल के लिए अपनी खरीद प्रक्रिया में भाग लेने से ब्लैकलिस्ट कर दिया था। राम मंदिर दान चोरी मामले में CBI जांच की मांग, सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को करेगा सुनवाई अयोध्या राम मंदिर के दान में चोरी के मामले में CBI जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को सुनवाई करेगा। भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय बेंच इस मामले से जुड़ी तीन याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। एक याचिका में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन की CAG से ऑडिट कराने और CBI जांच की मांग की गई है। दूसरी याचिका में भी CBI जांच की मांग की गई है। वहीं, RJD सांसद सुधाकर सिंह ने ट्रस्ट के पूरे वित्तीय रिकॉर्ड का फोरेंसिक ऑडिट, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में CBI जांच और सभी बैंक रिकॉर्ड, UPI ट्रांजैक्शन और डिजिटल दस्तावेज सुरक्षित रखने के निर्देश देने की मांग की है। तमिलनाडु सरकार को करूर भगदड़ पीड़ितों के परिजनों को नौकरी देने पर हाईकोर्ट की अंतरिम मंजूरी मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को करूर भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र जारी करने की अनुमति दे दी है। हालांकि, कोर्ट ने साफ किया कि ये नियुक्तियां अस्थायी होंगी और मामले में आगे आने वाले अदालत के आदेशों के अधीन रहेंगी। मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी। इस मामले में एक वकील ने मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच में याचिका दाखिल कर मांग की थी कि करूर भगदड़ से जुड़ी कार्यवाही पर सुप्रीम कोर्ट का अंतिम फैसला आने तक सरकार नियुक्ति आदेश जारी न करे और न ही उन्हें लागू करे। करूर में 27 सितंबर 2025 में एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की पहली चुनावी रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस साल तमिलनाडु में TVK की सरकार बनी। राज्य के मुख्यमंत्री बने विजय ने मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का फैसला किया। इसी फैसले को चुनौती देते हुए मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जबकि मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है। पाकिस्तानी ISI हैंडलर से लिंक का शक, महाराष्ट्र ATS की कई शहरों में छापेमारी महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने शुक्रवार को पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के जरिए जुड़े लोगों के खिलाफ राज्यभर में कई जगह छापेमारी की। यह कार्रवाई मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, बांद्रा, कुर्ला, जोगेश्वरी, मीरा रोड, भायंदर, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई शहरों में की गई। ATS के मुताबिक, जिन लोगों के ठिकानों पर छापे मारे गए, उन पर सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने का आरोप है। मामले में फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा हाल ही में छह संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद की गई है। जांच में सामने आया था कि आरोपी शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में पेट्रोल बम हमलों की साजिश रच रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी की थी और उनके वीडियो प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप के जरिए पाकिस्तान भेजे थे। मामले की जांच जारी है। कर्नाटक के हॉस्टल में खाना खाने के बाद 50 स्टूडेंट्स बीमार, कई बच्चों की हालत गंभीर कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के दंडोटी स्थित मुरारजी देसाई हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद 50 स्टूडेंट्स की तबीयत बिगड़ गई। सभी छात्रों को पेट दर्द की शिकायत होने पर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें 31 छात्रों को चित्तापुर अस्पताल, 10 को गुंडगुर्ती अस्पताल, 5 को मलखेड़ अस्पताल और 1 छात्र को दंडोटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई छात्रों की हालत गंभीर है। मामले की जानकारी मिलने पर कलबुर्गी के डिप्टी कमिश्नर इकरामुल्ला शरीफ और जिला स्वास्थ्य अधिकारी शरणबसप्पा चित्तापुर अस्पताल पहुंचे। पानी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। वायनाड लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 7 हुई, एक और शव मिला; एक व्यक्ति अब भी लापता केरल के वायनाड में हुए लैंडस्लाइड के मलबे से शुक्रवार को एक और शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। जिला प्रशासन के मुताबिक, राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है और एक व्यक्ति अब भी लापता है। सर्च टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। नासिक के धर्मांतरण केस में गर्भवती TCS कर्मचारी निदा खान को जमानत; कोर्ट ने फैसले में श्रीकृष्ण जन्म का दिया हवाला महाराष्ट्र के नासिक में धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले की आरोपी पूर्व TCS कर्मचारी निदा खान को अदालत ने जमानत दे दी है। अदालत ने कहा कि निदा पांच महीने की गर्भवती हैं और जेल में बच्चे को जन्म देने का मानसिक आघात किसी भी महिला के लिए असहनीय होता है। अदालत ने भगवान श्रीकृष्ण के जेल में जन्म का भी जिक्र किया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश केजी जोशी ने कहा कि नवजात के भविष्य और मां की स्थिति को देखते हुए आरोपी को जमानत देना सही है। अदालत ने यह भी माना कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दाखिल हो गई है, इसलिए आरोपी को जेल में रखने की जरूरत नहीं है। निदा खान को 7 मई को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया था। वह करीब 25 दिन से फरार थीं। निदा खान पर आरोप है कि उन्होंने अपनी एक सहकर्मी पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया। IVF क्लीनिकों की निगरानी सख्त, NCW ने विशेषज्ञ समिति बनाई देश में तेजी से बढ़ रहे असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (ART) सेक्टर में अनियमितताओं की बढ़ती घटनाओं के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने IVF क्लीनिकों से जुड़े कानूनों की समीक्षा के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) आशा मेनन करेंगी। समिति में न्यायपालिका, चिकित्सा, फॉरेंसिक विज्ञान, कानून प्रवर्तन, स्त्री रोग विशेषज्ञों, सार्वजनिक नीति और स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। बंगाल सरकार ने ASHA कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया, 1 अगस्त से ₹11,250 मिलेंगे पश्चिम बंगाल सरकार ने मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (ASHA) के मासिक मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार ने ASHA कार्यकर्ताओं का मासिक निश्चित मानदेय 6,250 रुपए से बढ़ाकर 11,250 रुपए कर दिया है। नई दरें 1 अगस्त 2026 से लागू होंगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से गुरुवार को जारी ज्ञापन में कहा गया है कि ASHA कार्यकर्ताओं के मासिक निश्चित मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव लंबे समय से राज्य सरकार के विचाराधीन था। सरकार का यह फैसला ASHA कार्यकर्ताओं के लंबे आंदोलन और लगातार उठाई जा रही मांगों के बाद आया है। दिल्ली में 1.08 करोड़ वोटरों तक पहुंचे SIR फॉर्म, 5.75 लाख आवेदन डिजिटाइज दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अब तक 1.08 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं, 5.75 लाख से अधिक भरे हुए फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो गया है। गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 9 जुलाई तक राजधानी के कुल 1,45,10,298 मतदाताओं में से 1,08,39,896 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। यह कुल मतदाताओं का 74.70 प्रतिशत है। TRS अध्यक्ष के. कविता ने कहा- पिता की पार्टी में नहीं जाऊंगी। तेलंगाना रक्षा सेना (TRS) की अध्यक्ष के. कविता ने अपने पिता के. चंद्रशेखर राव (KCR) की अगुवाई वाली भारत राष्ट्र समिति (BRS) में वापसी की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह जीवनभर BRS में वापस नहीं जाएंगी। कोठागुडेम में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कविता ने कहा, “मैं जब तक जिंदा हूं, BRS में दोबारा शामिल नहीं होऊंगी। उनके साथ हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं है।” कविता ने आरोप लगाया कि BRS ने उनकी पार्टी के नाम के संक्षिप्त रूप ‘TRS’ को लेकर चुनाव आयोग में एक हजार शिकायतें भेजी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version